आगरा के सिकंदरा थाना क्षेत्र के शास्त्री पुरम स्थित जूता फैक्टरी के मैनेजर ने अकाउंट डिपार्टमेंट के कर्मचारियों से मिलकर लाखों रुपयों की हेराफेरी कर दी। कंप्यूटर में सेव फाइलों में पासवर्ड लगाकर फैक्टरी आना बंद कर दिया। शिकायत पर पुलिस मुकदमा दर्ज कर जांच में जुटी है।
सीएस आहूजा ओवरसीज प्रा.लि. के निदेशक विजय आहूजा ने थाना सिकंदरा में मुकदमा दर्ज कराकर आरोप लगाया कि सदर थाना क्षेत्र के गढ़ी देवरी निवासी प्रभात सिंह उनकी फैक्टरी में ह्यूमन रिसोर्स मैनेजर के पद नौकरी कर रहा था। सुरक्षाकर्मियों के साथ मिलकर फैक्टरी से चमड़ा, लोहा आदि सामान ले जाकर बेचने लगा। 7 मार्च को उन्हें इस मामले का पता चला।
इसके बाद काम छोड़कर चला गया। कंप्यूटर चेक करने पर पता चला कि उसने कर्मचारियों के नाम से फर्जी खाते खोलकर 30 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। हार्ड डिस्क में सेव फाइलों में पासवर्ड लाक लगा दिए। कई बार बुलाने के बाद भी नहीं आया। सिकंदरा थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही है। साक्ष्य संकलन कर कार्रवाई की जाएगी।