आगरा में ताजमहल पर रविवार को 23074 देसी-विदेशी पर्यटकों ने भ्रमण किया। पर्यटक सूर्योदय के समय छाई धुंध के कारण ताज के दीदार नहीं कर सके। दोपहर को गुनगुनी धूप में ताज के दीदार का मजा दोगुना हो गया। ताज के दोनों गेटों पर लंबी कतारें लगी रहीं। टिकट विंडो पर भीड़ रही। आगरा किला पर भी छह हजार से ज्यादा पर्यटकों ने भ्रमण किया।
अभी संख्या में कमी
ताजमहल पर वीकेंड पर तकरीबन 25 हजार पर्यटकों की आमद हो पा रही है। टूरिस्ट सीजन के हिसाब से यह संख्या अभी कम है। विदेशी पर्यटकों की आमद कम होने के कारण पर्यटकों में इजाफा नहीं हो पा रहा है। पर्यटन उद्यमी रमेश वाधवा का कहना है कि फ्लाइटों का आवागमन सुचारु नहीं होने के कारण भी टूरिस्ट सीजन में पर्यटकों में कमी है। विदेशी टूरिस्ट क्रिसमस के बाद ही भ्रमण पर निकलेंगे। उधर, ताजमहल पर सुबह धुंध के कारण सूर्योदय के साथ ताज का नजारा नहीं देख सके पर्यटकों ने सूर्यास्त पर ताज निहारा। आगरा किले में भी रविवार को रोजाना की अपेक्षा दोगुने पर्यटकों ने भ्रमण किया।