कासगंज। कोरोना की दूसरी लहर में पैदा हुए ऑक्सीजन के संकट से निपटने के लिए जिले में प्लांट की स्थापना का प्रस्ताव है। इसे 15 जून तक तैयार करने का लक्ष्य रखा गया था, जबकि अभी तक कार्यदायी संस्था गेल इंडिया कंपनी के इंजीनियर जिले में नहीं पहुंचे हैं। कंपनी के इंजीनियर्स ने 25 जून को पहुंचने का आश्वासन दिया है।
सरकार ने जिले में दो ऑक्सीजन प्लांट लगाने की मंजूरी दी। एक जिला अस्पताल में और दूसरा गंजडुंडवारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर लगना है। प्लांट के लिए स्थानीय स्तर पर कवायद पूरी कर ली गईं। स्वास्थ्य विभाग ने प्लेटफॉर्म तैयार करा दिया और बिजली विभाग ने विद्युत कनेक्शन मंजूर कर दिए। प्लांट तैयार करने के लिए गेल इंडिया के इंजीनियर अभी तक नहीं पहुंचे हैं। लक्ष्य यह था कि गंजडुंडवारा में 10 और कासगंज में 15 जून तक ऑक्सीजन प्लांट तैयार कर लिया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने गेल के अफसरों से बातचीत की है तो स्पष्ट हुआ है कि 25 जून को इंजीनियर कासगंज पहुंचेंगे।