आगरा के सेंट जोंस चौराहे पर महिला से लूट के मामले में जेल जाने के बाद भी गैंगस्टर ने लूटपाट नहीं छोड़ी। छूटने के बाद वह दिन में नोएडा में कॉल सेंटर में नौकरी करता था। रात में बाइक टैक्सी चलाकर लूटपाट करता था।
आगरा के एक कंप्यूटर इंजीनियर को महंगे शौक ने गैंगस्टर बना दिया। जमानत पर रिहा होने के बाद वो नोएडा में पहचान छिपाकर रह रहा था। दिन में कॉल सेंटर में नौकरी करता था। रात में टैक्सी बाइक चलाता था। उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट का मुकदमा दर्ज था। हरीपर्वत पुलिस ने गिरफ्तार करके जेल भेजा है।
विज्ञापन
इंस्पेक्टर हरीपर्वत अरविंद कुमार ने बताया कि लॉयर्स कालोनी निवासी आदित्य यादव को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। आदित्य यादव ने पिछले साल एमजी रोड स्थित सेंट जोंस चौराहे के पास एक महिला की चेन लूटी थी। महिला स्कूटी से गिरकर जख्मी हो गई थी। आरोपी के खिलाफ पहले से भी दो मुकदमे दर्ज थे। पुलिस ने उसे गिरफ्तार करके जेल भेजा था। जमानत पर रिहा होने के बाद उसने शहर छोड़ दिया। नोएडा में जाकर रहने लगा।
पुलिस ने बताया कि आरोपी वहां कॉल सेंटर में नौकरी करने लगा था। रात को टैक्सी बाइक चलाता था। एक टीम को उसके घर पर नजर रखने के लिए लगाया था। आरोपी अपने घर आया था। उसे दबोच लिया गया। पुलिस को बताया कि वह एमसीए (मास्टर ऑफ कंप्यूटर एप्लीकेशन) पास है। शुरुआत में संगत ने उसे बिगाड़ दिया। उसके खर्चे बढ़ गए थे। आमदनी कोई नहीं थी। अपने खर्चे पूरे करने के लिए उसने लूट करना शुरू किया था।