-एलाऊ के गांव रतनपुर किरकिच में आग लगने से जली झोपड़ी। संवाद
मैनपुरी। थाना एलाऊ क्षेत्र के गांव रतनपुर किरकिच में शुक्रवार की सुबह एक अनुसूचित जाति के किसान की झोपड़ी में आग लग गई। आग की चपेट में आकर ट्रैक्टर और खोखा जल गया। दो बकरियों की भी जल कर मौत हो गई। पीड़ित ने आग लगने की घटना को संदिग्ध बताते हुए आरोप लगाया है। मौके पर पहुंचे दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाया।
एलाऊ क्षेत्र के गांव रतनपुर किरकिच के रहने वाले अनुसूचित जाति के विनोद कठेरिया और उनके भाई भूपाल, नेत्रपाल, पूरन चंद्र की झोपड़ियां पास पास रखी हुई हैं। शुक्रवार की सुबह विनोद की झोपड़ी में लगी आग ने पास ही भाइयों की झोपड़ी भी जला दीं। आग में घरेलू सामान जल गया। वहीं विनोद का ट्रैक्टर, दो बकरियां जल कर मर गईं वहीं भैंस झुलस गई। पास में ही रखा परचून का खोखा भी जल गया।
सूचना मिलने के बाद दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू किया। पीड़ित ने बताया कि वह चारों भाई पिछले 10 वर्ष से गांव के बाहर झोपड़ी डाल कर रह रहे हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पीड़ित ने घटना को संदिग्ध बताया है। यह भी कहा है कि दो दिन पूर्व ही उन्हें जगह खाली करने को लेकर हिदायत दी थी। आग लगने की घटना सामान्य है या किसी ने आग लगाई है। स्थानीय पुलिस अब जांच व कार्रवाई में जुट गई है।