बेसंगपुरा गांव में विकास कार्यों के सत्यापन के दौरान सीडीओ दीपक मीना के सामने मृतक को आवास आवंटित करने का मामला सामने आया। एक ही परिवार के साधन संपन्न सदस्यों को आवास आवंटित करने की जानकारी पर दोबारा सूची बनाने के निर्देश दिए। शौचालय अधूरे मिलने पर सचिव को फटकार लगाते हुए 20 जनवरी तक पूरे न होने पर एफआईआर की चेतावनी दी। शिक्षा मित्र के स्कूल में न आने की शिकायत पर सेवा समाप्ति की हिदायत दी।
शनिवार को सीडीओ ने विकास कार्यों का सत्यापन किया। इस दौरान ग्रामीणों ने बताया कि साल भर पहले मरे शब्बीर खां को आवास आवंटित कर दिया गया है। मोतीराम और अभय सिंह के पक्के मकान बने हैं। ट्यूबवेल लगा है। अच्छी खासी जमीन है फिर भी आवास आवंटित कर दिया। कई ऐसे परिवार सामने आये जिनमें दो-दो, तीन-तीन आवास आवंटित किए गए। इस पर सीडीओ ने दोबारा सूची बनाने के निर्देश दिए। 275 में से 200 शौचालय ही बने होने की बात सामने आने पर सीडीओ ने सचिव को जमकर फटकार लगाई और 20 जनवरी तक पूरा कराने की चेतावनी दी। शिक्षामित्र कमल सिंह के स्कूल न आने की शिकायत पर नोटिस जारी कर सेवा समाप्त करने के निर्देश खंड शिक्षाधिकारी पूनम चौधरी को दिए। सत्यापन के दौरान मार्ग के एक तरफ नाली देखकर जेई आरईएस को फटकार लगाई और दोनों तरफ नाली बनाने की हिदायत दी। पेंशन न मिलने की महिला की शिकायत पर पंचायत सचिव को फटकार लगायी। इस दौरान ग्राम प्रधान धर्मेन्द्र सिंह, बीआरसी मानसिंह, मनोज शुक्ला, राजेंद्र सिंह, राजीव शर्मा, मोहित गुप्ता, लक्ष्मी नरायन चौहान आदि मौजूद रहे।