टूंडला के सांवले प्रसाद रोड पर सोशल डिस्टेंस से सब्जी खरीदते लोग
- फोटो : TUNDLA
टूंडला/(फिरोजाबाद)। बृहस्पतिवार को गली-मोहल्लों में सोशल-डिस्टेंस की धज्जियां उड़ाने वालों पर पुलिस संग अधिकारियों ने दौड़ लगाई। मोहल्लों में भीड़ लगाकर घूमने वालों पर पुलिस ने जमकर लाठियां फटकारीं। सुबह से ही किसी को भी बेवजह बाहर नहीं निकलने दिया गया, जो निकले उन्हें सख्त हिदायत दी गई। पुलिस प्रशासन द्वारा लॉकडाउन का काफी कड़ाई से पालन कराया जा रहा है। किसी को भी बाजार में अनावश्यक रूप से आने-जाने पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध है। सुबह के समय सिर्फ मेडिकल स्टोर तक वही लोग आ-जा सकते हैं जिन्हें दवा लेनी है। इसके अलावा यदि कोई अनावश्यक रूप से बाजार में घूमता हुआ दिखाई दे रहा है तो पुलिस की उस पर सख्ती है। साथ ही हिदायत दी जा रही है कि वह घर पर ही रहें। बाजारों में इसका सख्ती से असर दिख रहा था, परंतु गली-मोहल्लों में सोशल डिस्टेंस की धज्जियां उड़ाई जा रहीं थीं।
अमर उजाला बृहस्पतिवार के अंक में प्रमुखता से खबर प्रकाशित कर प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया तो प्रशासन हरकत में आ गया। सुबह साढ़े पांच बजे ही पुलिस संग अधिकारियों ने उक्त मोहल्लों को चिह्नित कर लोगों को खदेड़ना शुरू कर दिया। इस बीच पुलिस ने जो भी गली-मोहल्लों में बेवजह खड़े दिखाई दिए उन पर जमकर लाठियां फटकारीं। वहीं अधिकारियों ने उन्हें हिदायत देते हुए छोड़ा।
इन मोहल्लों में पहुंची पुलिस, फटकारी लाठियां
टूंडला। अधिकारियों संग पुलिस ने सांवले प्रसाद रोड, बल्देवरोड, शिवनगर, मजिस्द रोड, टूंडली रोड, गिहार बस्ती, तेल मिल रोड, जीजीआईसी के सामाने, केनराबैंक की बगल वाली गली आदि क्षेत्रों में भीड़ जुटाकर खड़े लोगों पर लाठियां फटकारीं। इसके बाद पूरे क्षेत्र सारे दिन सुनसान रहे।