कासगंज। कोराना पॉजिटिव मिलने पर सोरों व पटियाली क्षेत्र के दो गांव पूरी तरह से सील कर दिए गए हैं। यहां आवागमन पर भी पूरी तरह प्रतिबंध है। गांव ही नहीं आसपास के क्षेत्र में भी पुलिस टीम उद्घोषणा कर रही हैं। दोनों ही गांव में करीब 4500 की आबादी है। जहां एक ओर प्रशासन सख्त है वही गांव के लोग भी दहशत में हैं।
गांव नगला अब्दाल व गोयती में होम क्वारंटीन कराए गए दो लोग पॉजिटिव मिलने के बाद गांव में खलबली मच गई है। स्वास्थ्य विभाग भी विशेष सतर्कता बरत रहा है। डीएम सीपी सिंह एवं एसपी सुशील घुले के निर्देश पर गांव गोयती व नगला अब्दाल पूरी तरह सील कर दिए गए हैं। न तो गांव में किसी को प्रवेश दिया जा रहा है और न ही कोई गांव से बाहर निकल पा रहा।
गांव नगला अब्दाल में करीब 2000 की आबादी है और गोयती में करीब 2500 की आबादी है। दोनों ही गांव की करीब 4500 की आबादी पर कड़ी निगरानी है। अधिकारी माइक से गांव की गलियों में उद्घोषणा कर रहे हैं। आसपास के ग्रामीणों को भी सतर्क किया जा रहा है।
गेहूं की कटाई पर भी पहरा
दोनों गांव को सील किए जाने के बाद ग्रामीण घरों में हैं। घरों से बाहर नहीं निकलने के कारण उनकी दिनचर्या भी प्रभावित हो रही है। पशुओं के लिए हरे चारे का इंतजाम नहीं हो पा रहा। सिर्फ सूखा चारा ही पशुओं को दिया जा रहा है। इसके अलावा डरे सहमे ग्रामीण भी गेहूं की कटाई को भी नहीं निकले।
वर्जन
गांव नगला अब्दाल में पूरी सतर्कता रखी जा रही है। गांव सील है। कोई भी व्यक्ति घर से बाहर नहीं निकलेगा।
शिवकुमार, एसडीएम, पटियाली
गांव में लगभग 2500 की आबादी है। कोई भी ग्रामीण गांव से बाहर नहीं निकल सकता। बाहर से आने वाले को भी प्रवेश नहीं दिया जा रहा है।
रिपुदमन सिंह, कोतवाली प्रभारी