सोमवार सुबह बारिश बेशक हुई लेकिन मौसम के तेवर बदलने की उम्मीद कर रहे लोगों को मायूसी ही हाथ लगी। मंगलवार को भी आसमान से आग बरसी और पारा सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा 44.5 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक आगरा समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश में तेज गर्मी और लू के थपेड़ों के आसार जताए हैं।
मंगलवार सुबह उमस ने लोगों को बेहाल कर दिया। सुबह 10 बजे के बाद पारा 40 डिग्री को पार कर गया। अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री पर रहा लेकिन उमस भी ज्यादा रही। इससे गर्मी के साथ लोग पसीने से भी बेहाल होते रहे। रही सही कसर बिजली की कटौती ने पूरी कर दी। दो से चार घंटों की दिन में हुई कटौती से शहर के लोग टोरंट पावर को कोसते रहे। 44 डिग्री के पार पहुंचे पारे में लोग छांव की तलाश करते दिखे, वहीं ताजमहल, आगरा किला जैसे स्मारकों पर लोग पानी के लिए तरसते रहे। उमस ज्यादा होने से गर्मी का कहर ज्यादा झेलना पड़ा।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान केंद्र के मुताबिक अगले तीन दिनों तक तेज लू चलेगी। तापमान में एक से दो डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। बुधवार शाम को हवा चल सकती है लेकिन दोपहर में तेज धूप बेहाल करती रहेगी।