जिला अस्पताल में पहुंची महिला ने अपने भाई को कोरोना का संदिग्ध बताया है। महिला की बात को जब जिला अस्पताल के स्टाफ ने अनसुना कर दिया तो महिला ने जिलाधिकारी को फोन कर दिया। जिलाधिकारी ने जिला अस्पताल पहुंचकर, संबंधित युवक को आइसोलेशन वार्ड में रखने के साथ ही नमूने लेकर जांच कराए जाने के निर्देश दिए हैं।
रविवार को शहर के मोहल्ला राजा का बाग निवासी एक महिला अपने भाई को लेकर जिला अस्पताल पहुंची। महिला ने यहां इमरजेंसी में तैनात स्टाफ से कहा कि उसके भाई में कोरोना जैसे लक्षण दिख रहे हैं।
इस पर इमरजेंसी स्टाफ ने तत्काल चिकित्साधीक्षक को जानकारी दी। चिकित्साधीक्षक डॉ. आरके सागर ने डॉक्टर आरके सिंह को भेजकर युवक से पूछताछ की। इसके बाद कोरोना की जांच कराने से मना कर दिया।
भाई के साथ आई महिला को इससे संतुष्टि नहीं हुई तो उसने जिलाधिकारी को फोन कर भाई के बारे में जानकारी दी। जिलाधिकारी महेंद्र बहादुर सिंह जिला अस्पताल पहुंचे और सीएमएस व सीएमओ को निर्देश दिए कि संबंधित युवक को आइसोलेशन वार्ड में रखते हुए जांच के लिए सैंपल भेजा जाए।