बटेश्वर मेले में हार्स शो का आयोजन घुड़सवारी के रोमांच से भरा रहा। लगभग 1:30 घंटे चले शो में घोड़ों की सलामी, डांस जंपिंग, स्लीपिंग से लेकर युद्ध कला तक के हैरतअंगेज करतब घुड़सवारों ने दिखाये। दिल थाम देने वाले अनुभव से दो चार हुए देशी-विदेशी सैलानी दांतों तले अंगुली दबाने को मजबूर हो गए।
शो का उद्घाटन कमिश्नर प्रदीप भटनागर ने किया। इसके बाद पुलिस लाइन और अर्जुन राइडर ग्रुप के घुड़सवारों ने बैंडबाजों के साथ कमिश्नर को सलामी दी। अर्जुन राइडर ग्रुप के प्रेमपाल के घोडे़ ने मुख्य अतिथि का माल्यार्पण कर स्वागत किया। घुड़दौड़ में आगरा पुलिस लाइन के आरक्षी रामकुमार ने टाइगर, अजेंद्र सिंह ने अजय, राजकुमार ने राउडी, विनोद ने चेतन, सुरेश चंद्र ने सोनू की सवारी कर रेसिंग के दौरान जमीन से पत्थर उखाड़कर दर्शकों को रोमांचित कर दिया। राइडर ग्रुप के हरेंद्र घोड़ा हीरा, जितेंद्र घोड़ी चंपी, भोले घोड़ी रानी के साथ शो में उतरे। चारपाई पर डांस देखकर दर्शक दांतों तले अंगुली दबाने को मजबूर हो गये। राइडर अखिलेश और राकेश ने घुड़दौड़ के दौरान अपने कपडे़ उतारने और पहनने की कला का प्रदर्शन किया। कल्यान और पदम सिंह ने घोड़ा भूरा और कबरा के साथ बैंड की धुन पर नाच दिखाया। बिरजू और गुड्डू ने पवन और कन्हैया के साथ नीचे लटककर नृत्य किया। प्रेमपाल ने एक साथ दो घोड़ों की सवारी की। अंत में कमिश्नर प्रदीप भटनागर ने हार्स राइडरों को सम्मानित किया। इस दौरान आकांक्षा समिति की अध्यक्ष संगीता भटनागर, चंबल सफारी के डायरेक्टर आरपी सिंह, चौधरी कृष्णा सिंह, राकेश चौहान, क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी दिनेश कुमार, जिला पंचायत के एएमए सुरेश चंद्र यादव, अंकुश रावत, एसपी पूर्वी अखिलेश नारायण सिंह, अर्जुन सिंह, मुनेंद्र सिंह, एसडीएम उमाशंकर आदि मौजूद रहे।
-----
विदेशी बोले, अमेजिंग
बाह। बटेश्वर का हार्स शो देखने के लिए बड़ी संख्या में देशी और विदेशी सैलानी भी मौजूद रहे। घोड़ों के करतब देखकर वे खासे रोमांचित दिखे। ब्रिटेन की इंम्मा, जर्मनी की ऊली और फ्रांस के मार्टिको ने शो को अमेजिंग बताया। वहीं, शो के दौरान पीने के पानी की व्यवस्था न होने से वीआईपी समेत सभी लोग प्यासे रहे। जिला पंचायत की ओर से यहां पानी का कोई इंतजाम नहीं किया गया था।
----
बैरीकेडिंग से टकराकर घोड़ा घायल
बाह। शो के बाद मैदान से बाहर जाते समय भीड़ को देख एक घोड़ा बिदक गया। उसने बैरीकेडिंग से पार होने के लिए छलांग लगा दी। इस दौरान उसके पिछले पैर में बल्ली फंस गई। इससे वह घायल हो गया। वहीं, शो के दौरान एक शराबी मैदान में घुस आया। उसने मैदान में गतिरोध खड़ा कर दिया। बाद में उसे पुलिस की मदद से बाहर निकाला गया।