उत्तर प्रदेश के एटा में बृहस्पतिवार सुबह लगभग 4 बजे चालक को झपकी आने से कार बेकाबू होकर डिवाइडर से जा टकराई। इसमें सवार 9 लोगों में से 4 की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घायलों को सैफई और आगरा रेफर किया गया है। इनमें से एक मृतक की शादी 24 अप्रैल को तय थी। जबकि दूसरे मृतक के चचेरे भाई की शादी बृहस्पतिवार को औपचारिक ढंग से हुई।
हादसा पिलुआ थाना क्षेत्र में सुन्ना गांव के पास हुआ। कुलदीप (21) गांव सथनी दलीपुर थाना दन्नाहार का रहने वाला था। भाई बॉबी ने बताया कि हम तीनों भाई नोएडा में फड़ लगाकर कपड़े बेचने का काम करते हैं। बुधवार की रात कुलदीप और बड़े भाई रवि, भाभी रंजना, उनकी बेटी आराध्या (6) व नित्या (1) तथा बेटा आदित्य भी साथ थे।
पड़ोसी गांव व्योंति कलां का रहने वाला गुलशन (23) भी आ रहा था। उसके चचेरे भाई निखिल की बृहस्पतिवार को शादी तय थी। बुकिंग की कार को विष्णु निवासी शाहजादपुर थाना औंछा चला रहा था। इनके ही थाना क्षेत्र के गांव मानपुर निवासी सतेंद्र भी बैठा था।
पिलुआ थाना क्षेत्र में सुन्ना नहर पुल के पास डिवाइडर से टकराकर कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी और कार सवारों को बाहर निकाला। कुलदीप, गुलशन, आराध्या व नित्या की मौके पर ही मौत हो गई। घायलों को पुलिस ने मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। जहां से रवि, रंजना और आदित्य को सैफई रेफर कर दिया गया। जबकि सतेंद्र व विष्णु को आगरा रेफर किया गया है।
सुबह का समय होने की वजह से चालक को नींद आ गई। इसके चलते तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई और इतना बड़ा हादसा हो गया। जिसमें 4 लोगों की जान चली गई। घायलों को बेहतर उपचार के लिए सैफई व आगरा रेफर किया गया है। -
राजेश कुमार सिंह, एसएसपी