आगरा के थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र में बुधवार को एक महिला की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। परिजनों ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। पुलिस ने परिजनों को शांत कराया। इसके बाद विविहाति के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
कस्बा कंपीन, फर्रुखाबाद निवासी सुभाष ने बेटी पूजा की शादी 2 मार्च 2024 को संजीव नगर, ट्रांस यमुना निवासी भरत शर्मा उर्फ एलन से की थी। भरत एक फैक्टरी में मुनीम का कार्य करता है। मृतका के भाई विजय ने बताया कि भरत शर्मा से उसकी बहन पूजा प्यार करती थी। घरवालों के उसने शादी की जिद की। बहन की जिद के आगे घरवाले हार गए। इसके बाद पूजा का विवाह भरत से करा दिया गया।
विजय ने बताया कि भरत नशे में आए दिन बहन की पिटाई करता था। ससुराल वाले दहेज की मांग करते थे। उसका उत्पीड़न किया जाता था। पूजा 8 महीने की गर्भवती थी। तीन दिन पहले उसकी तबीयत खराब हो गई। मगर, ससुराली उसे अस्पताल नहीं ले गए। बुधवार को उसने दम तोड़ दिया। आरोप लगाया कि उसकी घर में ही हत्या की गई। फिर अस्पताल ले जाने का नाटक किया। पड़ोसियों ने उन्हें सूचना दी।
वहीं मृतका के पति का कहना था कि पत्नी को अस्पताल ले गए थे। मगर, उनको बचाया नहीं जा सका। एसीपी छत्ता पियूष कांत राय ने बताया कि परिजन ने तहरीर नहीं दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।