पीड़ित ने बताया कि रास्ते से उसको धमकाकर आरोपी जंगल में ले गए। यहां पहले से एक महिला थी। कारोबारी को आरोपियों ने कुछ सुंघा दिया, जिससे वह अर्द्ध बेहोश हो गया। इसके बाद महिला ने उसके साथ अश्लील हरकत की, जिसका वीडियो भी बना लिया गया।
आगरा के खेरागढ़ के जगनेर में अनाज कारोबारी को हनी ट्रेप गिरोह ने अपने जाल में फंसा लिया। पीड़ित से लाखों की रकम भी वसूल ली, लेकिन आरोपियों की भूख बढ़ती ही जा रही थी। इससे तंग कारोबारी ने पुलिस की शरण ली। पुलिस ने हनी ट्रेप गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में तीसरे नामजद समेत गिरोह की महिला सदस्य और उसके पति की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
विज्ञापन
ममाला थाना जगनेर क्षेत्र का है। नयागांव के रहने वाले केशव के अनुसार बीते तीन मार्च को वह जगनेर मंडी समिति से अपनी आढ़त से बाइक पर सवार होकर अपने गांव आ रहे थे। कोट चंदौसी राजमार्ग पर नगला भूम्मा मोड़ के पास स्थित पुल के निकट पहले से घात लगाए बैठे मेवली निवासी भूपेंद्र शर्मा, मनीष पहलवान और रूपेंद्र सिंह निवासी नगला भुम्मा ने सुनियोजित तरीके से रोक लिया। डरा धमकार धमकी देते हुए बाइक समेत पास के जंगल में ले गए। वहां पर पहले से एक महिला मौजूद महिला थी। इस दौरान तीनों ने केशव को कुछ सुंघा दिया। जब उसे होश आया तो तीनों ने अपने मोबाइल में अश्लील वीडियो दिखाई, जिसमें केशव महिला के साथ अश्लील हरकतें करता नजर आ रहा है।
वह अश्लील वीडियो देखकर घबरा गया। अश्लील वीडियो दिखाकर तीनों उससे बीस लाख रूपये की डिमांड करने लगे। धमकी दी कि रकम नहीं दी तो अश्लील वीडियो वायरल कर देंगे। महिला से मुकदमा दर्ज करवाकर जेल भिजवा देंगे। उनकी इस हरकत को देखकर केशव बुरी तरह घबरा गया, जब उसे कुछ नहीं सूझा तो अपने किसी मिलने वाले सेठ से पांच लाख रुपए का कर्जा मांगा। सेठ से पांच लाख रुपए का कर्जा लेकर उसने तीनों को दे दिए। शर्म और लोक लाज के डर से उसने यह बात किसी को नहीं बताई।
करीब दस दिन बाद वह मंडी से ट्रैक्टर ट्रॉली में सरसों भरकर गांव जा रहे थे, तो फिर से तीनों ने गुलाबगंज मोड़ पर रोक लिया और गाली गलौज करते हुए उससे बचे हुए बाकी के पंद्रह लाख रुपए मांगे। उसने अपने परिवार का हवाला देते हुए छोड़ने की गुहार लगाई, लेकिन उन्होंने उसे मारना पीटना शुरू कर दिया। पीड़ित ने जान बचाने के लिए जेब में रखी एक लाख रुपए की रकम फिर दे दी और कहा कि अब उसके पास कुछ नहीं है, अगर उसे फिर परेशान करेंगे तो वह आत्महत्या कर लेगा।
पीड़ित केशव के अनुसार बीते कुछ दिनों से फिर से उसे कॉल करके अश्लील वीडियो के एवज में बची 14 लाख रुपए की रकम मांग की जा रही है। इसके बाद पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस से की। थाना प्रभारी जगनेर ईश्वर सिंह तोमर ने उच्चाधिकारियों को मामले से अवगत कराते हुए त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन नामजद समेत दो अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस ने मामले का पर्दाफाश करते हुए गैंग के दो आरोपी भूपेंद्र और रूपेंद्र को गिरफ्तार कर लिया। बाकी के सदस्यों को पकड़ने में पुलिस जुट गई है।