आगरा के थाना फतेहाबाद रोड स्थित पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम में मदद का झांसा देकर एक युवक ने होम्योपैथिक चिकित्सक का डेबिट कार्ड बदल दिया। चिकित्सक के पिता नया डेबिट कार्ड एक्टिवेट कराने गए थे। युवक ने पिन देखने के बाद बातों में उलझाकर कार्ड बदल दिया। इसके बाद 8 मिनट में खाते से 2.45 लाख रुपये खाली कर दिए। पीड़ित ने बैंक और पुलिस से शिकायत की है।
त्रिमूर्ति एंक्लेव, फतेहाबाद रोड निवासी अमिता सिंह ने बताया कि वह होम्योपैथी की चिकित्सक हैं। पंजाब नेशनल बैंक की शाखा में खाता है। 7 दिन पहले नया डेबिट कार्ड आया था। मंगलवार सुबह 11:30 बजे वह पिता प्रमोद सिंह के साथ ताजगंज के मुगल पुलिया स्थित बैंक की शाखा के एटीएम में डेबिट कार्ड को एक्टिवेट कराने गईं थीं। पिता रेलवे से सेवानिवृत्त इंजीनियर हैं।
पिता बैंक मैनेजर से जानकारी लेने के बाद एटीएम की केबिन में पहुंचे। पहले से एक युवक कैश जमा कर रहा था। वह पीछे खड़े हो गए। वह एक मरीज का फोन आने पर बाहर उससे बातें करने लगीं। पिता को केबिन में खड़े युवक ने मदद के नाम पर अपनी बातों में ले लिया। मशीन में लगा डेबिट कार्ड कार्ड बदल दिया। उन्होंने दोबारा कार्ड चेेक करने के लिए मशीन में लगाया। मगर, वो ब्लाक बताने लगा। पिता दुबारा मैनेजर के पास गए। तभी मोबाइल पर रुपये निकलने के मैसेज आ गए।
एटीएम से निकाला एक लाख रुपये
अमिता सिंह ने बताया कि 8 मिनट में खाते से 2.45 लाख रुपये निकाल लिए। एक लाख रुपये एटीएम से निकाले, जबकि 1.45 लाख रुपये की शाॅपिंग की। उन्होंने साइबर सेल में शिकायत की है। पुलिस केबिन में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी की पहचान की कोशिश कर रही है।
मदद के नाम पर किसी झांसे में न आएं
साइबर सेल के प्रभारी निरीक्षक सुल्तान सिंह ने बताया कि एटीएम केबिन में रुपये निकालने और जमा करने जा रहे हैं तो सावधान रहने की जरूरत है। पहले तो जिस एटीएम में गार्ड मौजूद हो, उसी में जाएं। दूसरा किसी अनजान व्यक्ति की मदद नहीं लेनी चाहिए। अपना पिन भी किसी को नहीं बताएं। पिन हाथ से ढककर ही डालना चाहिए। कार्ड भी किसी दूसरे व्यक्ति को नहीं देना चाहिए। किसी तरह की धोखाधड़ी होने पर बैंक और साइबर सेल में शिकायत करें। साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत जरूर दर्ज कराएं।