सर्वोच्च न्यायालय द्वारा होमगार्डों का वेतन भत्ता बढ़ाए जाने के बाद भले ही होमगार्ड में खुशी की लहर दौड़ी थी, लेकिन सरकार द्वारा होमागार्डों का बजट नहीं बढ़ाया गया है। बजट के अभाव में 300 होमगार्ड ड्यूटी से हटा दिए गए हैं। ऐसे में होमगार्डों में काफी आक्रोश है। जिले में विभाग ने होमागार्डों की 32 प्रतिशत तक ड्यूटियां कम कर दी हैं।
प्रदेश सरकार ने होमगार्ड विभाग को निर्देश जारी किए हैं वर्ष भर के निर्धारित बजट में ही होमगार्डों के वेतन भत्ते देना सुनिश्चित करें। जब सर्वोच्च न्यायालय ने होमागार्डों का वेतन भत्ता बढ़ा दिया है तो निश्चित ही बजट की मांग बढ़ गई, लेकिन सरकार ने बजट नहीं दिया।
ऐसे में जिले के तीन सौ से अधिक होमगार्डों को विभाग ने ड्यूटी से हटा दिया और उनकी तैनाती कम कर दी है। दीपावली पर्व से पहले होमगार्डों को ड्यूटी से हटाए जाने पर जिले के होमगार्डों में काफी आक्रोश है।