शहर के मोहल्ला अग्रवाल में बुधवार सुबह होमगार्ड के पुत्र का शव घर के कमरे में फंदा से लटका मिला। सूचना मिलने के बाद सीओ सिटी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। शव को फंदे से उतरवाने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला अग्रवाल निवासी शिव मंगल भदौरिया (32) शराब का लती था। करीब डेढ़ साल पहले उसका पत्नी से तलाक हो चुका था। इसके बाद से वह अधिक उग्र हो गया था। अक्सर परिजनों से भी हाथापाई कर देता था। मंगलवार रात उसने घर के पास ही पुराने मकान में फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। बुधवार सुबह परिजनों ने पुराने घर में जाकर देखा तो दरवाजा अंदर से बंद था।
जंगले से देखा तो शिव मंगल का शव फंदे पर लटका था। सूचना मिलने के बाद सीओ सिटी संतोष सिंह, इंस्पेक्टर कोतवाली विक्रम सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। शव को फंदे से उतारने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।