महामंडलेश्वर को रज कलश सौंपते कार्यकर्ता
- फोटो : अमर उजाला
अयोध्या में रामलला के मंदिर निर्माण के लिए बुधवार को होने वाले भूमि पूजन का उत्साह मैनपुरी जिले में भी है। श्रीराम मंदिर की नींव में मैनपुरी के ऐतिहासिक धर्मस्थलों की रज भी पड़ेगी। मंगलवार को श्री एकरसानंद आश्रम के महामंडलेश्वर स्वामी हरिहरानंद रज कलश लेकर अयोध्या के लिए रवाना हुए। इससे पूर्व शहर में जगह-जगह उनका भक्तों ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया।
मंगलवार की सुबह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, धर्म जागरण समन्वय, विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, हिंदू जागरण मंच, हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ता श्री शीतला माता मंदिर, च्यवन ऋषि तपस्थली, श्री मार्कंडेय ऋषि तपस्थली, श्री मयन ऋषि तपस्थली, श्री स्वामी एकरसानन्द सरस्वती जी महाराज की तपस्थली (श्री एकरसानन्द आश्रम), चांदेश्वर मंदिर, श्री भीमसेन मंदिर, श्री सोमेश्वर नाथ मंदिर आदि तीर्थ स्थलों की पावन मिट्टी लेकर श्री एकरसानंद आश्रम पहुंचे।
संबंधित खबर- Ram Mandir: अयोध्या से जुड़ी है आगरा के राम मंदिर की कहानी, छह दिसंबर 1992 को हुआ था निर्माण
यहां विधि विधान के साथ रज कलश महामंडलेश्वर स्वामी हरिहरानंद को भेंट किया। इसके बाद महामंडलेश्वर रज कलश लेकर अयोध्या के लिए रवाना हुए। इस अवसर पर आश्रम सहित रास्ते में जगह-जगह भक्तों ने उनका स्वागत किया। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर भी पूर्व चेयरमैन संजीव यादव के नेतृत्व में भक्तों ने महाराज जी का स्वागत किया।