फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Agra News: जिले में 2500 से अधिक स्थलों पर होगा होलिका दहन

Wed, 12 Mar 2025 10:55 PM IST
आगरा ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, आगरा
विज्ञापन
करहल में होलिका दहन स्थल का निरीक्षण करती पुलिस। संवाद
विज्ञापन
मैनपुरी। जिले में 2500 से अधिक स्थलों पर बृहस्पतिवार रात को होलिका दहन होगा। शहर में एक हजार से अधिक स्थलों पर होलिका रखी गई है। वहीं देहात में 1500 से अधिक स्थलों पर होलिका रखी गई है। सभी स्थलों पर बुधवार को पुलिस पहुंची और लोगों से शांतिपूर्ण तरीके से होलिका दहन और होली खेलने की अपील की।
विज्ञापन

ज्योतिषाचार्यों के अनुसार इस वर्ष की होली के दिन 14 मार्च को फाल्गुन पूर्णिमा होगी और शिववास योग का दुर्लभ संयोग बन रहा है। इसके अलावा चंद्र ग्रहण, अभिजीत मुहूर्त, और कई अन्य मंगलकारी संयोग बन रहे हैं। इन संयोगों का सही प्रकार से उपयोग करने से व्यक्ति को शांति, समृद्धि, और सुख प्राप्त हो सकते हैं। शहर के पंजाबी कॉलोनी स्थित सूर्य मंदिर के आचार्य तिलकेंद्र शेखर त्रिपाठी ने बताया कि शुभ मुहूर्त में होलिका पूजन और दहन से सुखद फल मिलेगा। 13 मार्च को होलिका पूजन शाम से लेकर रात्रि 10.36 बजे तक किया जाएगा। इसी दिन रात्रि 11.28 बजे से रात्रि 12.06 बजे तक होलिका दहन का शुभ मुहूर्त है। आचार्य अतुल कृष्ण द्विवेदी ने बताया कि चंद्र पंचांग के अनुसार 13 मार्च को शाम 6 बजे से रात्रि 10.38 बजे तक घर की महिलाएं होलिका पूजन कर सकेंगी। रात्रि 11.28 बजे से रात्रि 12.06 बजे तक होलिका दहन होगा।


बाजारों में खरीदारी को उमड़ी भीड़
होली पर्व पर बाजार में खरीदारी के लिए भी बुधवार को खूब भीड़ जुटी। लोगों ने मिष्ठान, नमकीन, रंग, गुलाल आदि की खरीदारी की। इसके अलावा जिले के सरकारी और निजी कार्यालयों में बुधवार से ही होली की छुट्टी हो गई। होली के खुमार में डूबे अधिकारी-कर्मचारियों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर बधाई दी। इधर, स्कूल-कॉलेजों में भी बुधवार को होली खेली गई। बच्चों ने अपने शिक्षकों को गुलाल लगाया। बच्चों ने छुट्टी के समय आपस में खूब होली खेली।
विज्ञापन




कल जुमे की नमाज भी, पुलिस-प्रशासन अलर्ट
जुमे की नमाज और होली पर पुलिस-प्रशासन अलर्ट है। शुक्रवार को सभी एसडीएम, तहसीलदार, सीओ, थानेदार, चौकी प्रभारी, बीट सिपाही अपने-अपने कार्यक्षेत्रों में भ्रमणशील रहेंगे। डीएम और एसपी का आदेश है कि किसी भी स्तर पर कोई लापरवाही नहीं होनी चाहिए। इस दिन पुलिसकर्मियों की छुट्टी भी निरस्त रहेगी। पुलिस की होली अगले दिन होगी। मिश्रित आबादी वाले इलाकों में सुरक्षा दुरुस्त रखी जाएगी। शहर और देहात में सीओ अपने काउंटर पार्ट प्रशासनिक अधिकारी के साथ अपने-अपने सेक्टर में भ्रमणशील रहेंगे।


सोशल मीडिया पर निगरानी
सोशल मीडिया पर सांप्रदायिक और भड़काऊ पोस्ट को बिना किसी जांच पड़ताल के शेयर न करें। किसी भी समाज विशेष के खिलाफ कोई टिप्पणी न करें। ऐसा करने वालों के खिलाफ एवं किसी भी प्रकार की भ्रामक अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने की हिदायत दी गई है।



आज दिन से ही शुरू हो जाएगी पुलिस की चेकिंग
एसपी गणेश प्रसाद साहा ने सभी थानों की पुलिस व ट्रैफिक पुलिस को निर्देश दिए हैं कि बृहस्पतिवार और शुक्रवार को विशेष चेकिंग अभियान सड़कों पर चलाएं। ठेकों के आसपास लोगों को शराब खुले में खड़े होकर न पीने दें। शराब पीकर सड़क पर हुड़दंग मचाने वालों को जेल भेज दिया जाए। वहीं, शराब पीकर वाहन चलाने वालों की चेकिंग की जाए। ब्रेथ एनलाइजर सहित पुलिस चेकिंग के लिए विभिन्न स्थलों पर तैनात रहेगी।



होली शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासन ने मिलकर कड़े इंतजाम किए हैं। अराजक तत्वों पर निगाह रखी जा रही है। किसी भी प्रकार का विवाद उत्पन्न करने वालों को सीधे जेल भेज दिया जाएगा।
विज्ञापन

- अंजनी कुमार सिंह, डीएम
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें