होली के चलते रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में चढ़ती यात्रियों की भीड़
होली की छुट्टी पर घर जाने वालों की राह आसान नहीं रह गई है। ऑनलाइन बसों की बुकिंग के किराए बढ़ गए हैं। एप के माध्यम से वाहन बुकिंग करने वालों ने भी ऐसा ही किया है। वहीं ट्रेनों में वेटिंग लिस्ट बहुत लंबी है।
खासतौर पर लोगों को अपने परिवार के साथ घर लौटने में कठिनाई हो रही है। रेलवे में सीटों की उपलब्धता नहीं हो पा रही है, जिससे लोग परेशान हैं। कई यात्रियों को तो सीट उपलब्धता न होने के कारण अपनी टिकटें रद्द करनी पड़ रही हैं। रोडवेज में बसों की संख्या सीमित होने के कारण उनकी सेवाओं पर भी दबाव बढ़ गया है। इस स्थिति में यात्री घर पहुंचने के लिए किसी भी विकल्प का सहारा ले रहे हैं, लेकिन सभी विकल्प महंगे और मुश्किल हो गए हैं। ऐसे में लोगों के सामने दिक्कतें बढ़ गई हैं।
हालांकि दूसरी ओर रेलवे की पीआरओ प्रशस्ति श्रीवास्तव ने बताया कि होली पर यात्रियों की भीड़ को देखते हुए कई 13 होली स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। इससे यात्रियों को आवागमन में कोई दिक्कत न हो। वहीं रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक बीपी अग्रवाल ने बताया कि होली पर 200 अतिरिक्त बसों का संचालन किया जा रहा है 614 के फेरे सवा गुने बढ़ाए गए हैं। सभी चालक-परिचालकों कर्मचारियों के अवकाश रद्द कर दिए गए हैं।
परिवार संग जाना था घर
मुगलसराय निवासी मनोज गुप्ता ने बताया कि बुकिंग का किराया बढ़ा है। खैर किराए में तो हर बार बढ़ोतरी होती है। मुझे होली पर अपने घर जाना था। ट्रेन में वेटिंग लंबी है सीट नहीं मिल रही। बसों में भी मंहगा किराया है। इस बार घर पहुंचना मुश्किल है।
ट्रेनों में नहीं है सीट
प्रतापगढ़ के रहने वाले पवन पांडेय का कहना है कि मुझे अपने घर प्रतापगढ़ जाना था। ऑनलाइन बुकिंग महंगा है। ट्रेनों में सीट उपलब्ध नहीं है। अब क्या करें, बहुत दिक्कत है। अन्य विकल्प की तलाश कर रहे हैं।