मथुरा के फालैन में होली के धधकते अंगारों के मध्य निकलने वाला मोनू पंडा पहली बार इस हैरतअंगेज कारनामे को दिखाएगा। रविवार को विधिवत रूप से पूजा-अर्चना के बाद गांव में मेले की तैयारियां जोरशोर से शुरू कर दी गई हैं। इस मौके पर जमकर होली गायन भी हुआ। ग्रामीणों ने जमकर नृत्य किया।
गांव के मध्य में स्थित प्रहलाद जी मंदिर पर प्रात: मोनू पंडा ने सैकड़ों ग्रामीणों के साथ वहां पूजा-अर्चना कर गांव की परिक्रमा की। इस दौरान मोनू ने नियम संयम से भी रहना शुरू कर दिया। मोनू की यह पूजा लगातार एक महीने तक चलेगी।
मंदिर पर आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों ने ढोल नगाड़ों के साथ होली के रसिया, धमार गायन और पारंपरिक गीतों का गायन किया। जिस पर ग्रामीणों ने जमकर नृत्य किया। मोनू पंडा द्वारा घोषणा करने के साथ ही पंडित द्वारा पूजा कराई गई और परिक्रमा के लिए रवाना किया गया।