आधुनिक दौर में हिंदी क्षेत्र की प्रतिभाओं ने अपने ज्ञान कौशल से देश-दुनिया में अपना परचम लहराया है। फिरोजाबाद जिले के जसराना क्षेत्र के कई लोग हिंदी माध्यम के विद्यालयों में शिक्षा ग्रहण कर उच्च पदों पर कार्य करने के साथ शिक्षण कार्य भी कर रहे हैं। शुक्रवार को अमर उजाला संवाद में हिंदी से देश-विदेश में अपना नाम रोशन कर रहे ऐसे ही लोगों से बात की तो उन्होंने भी खुलकर अपनी बात रखी। कहा कि सरकार को हिंदी के उन्नयन एवं उत्थान के लिए साहित्यकारों को प्रोत्साहित करना चाहिए।
हिंदी में मिले पाठ्य सामग्री तो बच्चे करेंगे नाम
मूल रुप से जसराना के भैंडी निवासी भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी धर्मेंद्र सिंह की शिक्षा जसराना एवं शिकोहाबाद के हिंदी माध्यम स्कूलों में हुई। उन्होंने स्नातक की परीक्षा प्राइवेट छात्र के रूप में दी। उन्होंने यूपीएससी की परीक्षा में हिंदी माध्यम का होने के बाद भी झंडे गाडे़ और आईपीएस अधिकारी बने। धर्मेंद्र सिंह देश-विदेश में अपना एवं क्षेत्र का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि अगर छात्रों को अंग्रेजी की तरह हिंदी में साहित्य मिले तो हिंदीभाषी छात्र बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि हमें अन्य भाषाओं का भी अध्ययन करना चाहिए।
हिंदी के उत्थान एवं विकास के लिए बच्चियों को दिलाई हिंदी में शिक्षा
जसराना के लोक राष्ट्रीय महाविद्यालय में हिंदी विभाग के विभागध्यक्ष डॉ. हरिविलास राजपूत ने बताया कि कई वर्षों से छात्रों को हिंदी की शिक्षा दे रहे हैं। हिंदी के उत्थान के लिए उन्होंने अपनी तीन बच्चियों को हिंदी माध्यम से शिक्षा दिलाने के साथ ही परास्नातक की पढ़ाई भी हिंदी से कराई। उन्होंने कहा कि उनकी तीनों बेटियों ने हिंदी विषय में गोल्ड मेडल हासिल किया है। वर्तमान में उनकी एक पुत्री राजकीय इंटर कॉलेज में हिंदी की प्रवक्ता हैं।