हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले से कई किलोमीटर का सफर तय करके ताजमहल सहित ब्रज का दीदार करने आए बच्चों ने वापसी का रास्ता पकड़ लिया। रविवार को बस से बच्चे और स्टाफ को घर भेजा गया।
बता दें कि हिमाचल के मंडी जिले के कोटली के आलोक प्रसाद पब्लिक स्कूल के 96 बच्चों, दस कर्मचारियों सहित 106 छात्र-छात्राएं और स्टाफ आगरा के लिए गुरुवार दोपहर को निकले थे। शुक्रवार को बच्चों की बस यमुना एक्सप्रेस वे पर पलट गई थी। हादसे में छात्र-छात्राओं सहित 57 लोग घायल हुए थे।
हादसे के बाद बच्चे डर गए थे। वह घर जाना चाहते थे। मां-बाप भी अपने नौनिहालों की चिंता में थे। स्कूल स्टाफ और बच्चों को फतेहाबाद रोड स्थित होटल में रोका गया था। हादसे के बाद स्कूल स्टाफ ने वापसी का निर्णय लिया था। बच्चे ताज का दीदार करने की हसरत मन में लेकर आए थे।
मगर, जख्म ऐसे हुए कि उन्होंने घर लौटना ही मुनासिब समझा। रविवार को पुलिस ने उनके लौटने के लिए वाहन का इंतजाम कराया। इंस्पेक्टर थाना ताजगंज ने बताया कि सभी छात्र-छात्राओं सहित स्कूल स्टाफ को भेज दिया गया है।