आगरा के दीवानी परिसर में पति-पत्नी के विवाद ने उस समय तूल पकड़ लिया, जब पति का आरोप है कि पत्नी उसे पीटने के लिए दौड़ी और उसने चेकिंग बूथ में छिपकर जान बचाई। कार के दो पहिए पंचर मिलने से मामला और गरमा गया। दोनों पक्षों की शिकायत पर न्यू आगरा पुलिस सीसीटीवी के आधार पर कार्रवाई की तैयारी में है।
आगरा दीवानी में तारीख पर आए पति-पत्नी में बुधवार को विवाद हो गया। पति का आरोप है कि पत्नी ने उन्हें पीटने के लिए दौड़ाया। चेकिंग बूथ में छिपकर उन्होंने जान बचाई। कार के पहिए भी पंचर कर दिए गए। उधर, पत्नी ने भी पति पर अभद्रता का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। थाना न्यू आगरा पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विज्ञापन
ग्रेटर नोएडा निवासी अंशुल चौधरी ने बताया कि 30 अप्रैल, 2025 को उनकी शादी बोदला निवासी महिला से हुई थी। शादी के बाद सितंबर माह में मामला कोर्ट पहुंच गया। 7 अगस्त को वह तारीख करने दीवानी आए थे। बाहर निकलने पर कार के दो पहिए पंचर मिले। इसी बीच पत्नी अपने पिता, एक अधिवक्ता की ड्रेस में खड़े व्यक्ति और कई अन्य को लेकर आई।
अंशुल का आरोप है कि पत्नी ने उन पर हमला करने की कोशिश की। गाली गलौज कर मारने को दौड़ी। वह जान बचाकर भागे। एसएसएफ के चेकिंग बूथ में घुसकर खुद को बचाया। पूरी घटना के वीडियो लोगों ने बनाए थे। मामले में एसीपी हरीपर्वत अमीषा ने बताया कि दोनों पक्ष ने शिकायत की है। महिला ने पति पर पिता और उनसे अभद्रता और मारपीट के आरोप लगाकर तहरीर दी है। पुलिस परिसर के सीसीटीवी की रिकार्डिंग देख रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे। उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।