जीआईसी मैदान पर स्टेडियम का शिलान्यास करते कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
आगरा में युवाओं की खेल प्रतिभाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर का मंच देने के लिए शाहगंज स्थित जीआईसी मैदान में आधुनिक मिनी इनडोर स्टेडियम का निर्माण होगा। उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने सोमवार को विधि-विधान के साथ भूमि पूजन और शिलान्यास किया।
खिलाड़ियों और स्थानीय खेल प्रेमियों में भारी उत्साह दिखा। स्टेडियम के बनने से आगरा और आसपास के ग्रामीण अंचलों के युवाओं को बैडमिंटन, टेबल टेनिस और कुश्ती जैसे इनडोर खेलों के लिए मौसम पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि आगरा के युवाओं में खेल प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। कमी थी तो बस उन्हें निखारने के लिए एक विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचे और मंच की। यह मिनी स्टेडियम युवा पीढ़ी के सपनों को नई उड़ान देगा।
इस परियोजना के निर्माण की जिम्मेदारी यूपी स्टेट कंस्ट्रक्शन एंड इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड को सौंपी गई है। हाइटेक मिनी इनडोर स्टेडियम 492 लाख रुपये से बनेगा। इसके लिए पहली किस्त 216 लाख रुपये जारी हो गए हैं। इसे 15 माह में बनाकर पूरा करना है। कार्यक्रम की अध्यक्षता रामनाथ गौतम ने की। इस दौरान पूर्व सांसद प्रभु दयाल कठेरिया, पूर्व महापौर इंद्रजीत आर्य, पूर्व महानगर अध्यक्ष प्रमोद गुप्ता, निर्मला दीक्षित, डॉ. अलौकिक उपाध्याय, राजू कुशवाह, आदेश सिंघल, केके भारद्वाज, मुनेंद्र जादौन, सुनील कर्मचंदानी आदि मौजूद रहे।
ये मिलेंगी सुविधाएं
मिनी इनडोर स्टेडियम वातानुकूलित और आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा। यह दोमंजिला स्पोर्ट्स हब के रूप में बनेगा। महिला और पुरुष खिलाड़ियों के लिए अलग-अलग टॉयलेट ब्लॉक, चेंजिंग रूम, एडमिनिस्ट्रेशन रूम, वर्क स्टेशन रूम और खेल सामग्रियों के लिए एक बड़ा इक्विपमेंट स्टोर होगा।