ताजनगरी में 'ड्रैगन' को टक्कर देने की पूरी तैयारी हो रही है। चीन की तर्ज पर शहर में हाई स्पीड पंपिंग सेट बनाए जाएंगे। इसके लिए पूरा खाका खींचा जा चुका है। अभी तक चीन को इसमें मोनोपॉली (एकाधिकार) हासिल है।
आगरा में सालाना करीब 200 करोड़ रुपये के पांच से नौ हॉर्स पावर क्षमता वाले 2.5 लाख पंप सेट आयात किए जाते हैं। एक पंप सेट की कीमत लगभग आठ हजार रुपये होती है। इनका प्रयोग मुख्य रूप से खेतों में होता है। ये हल्के और एल्युमीनियम बॉडी के होते हैं। अब इसी गुणवत्त्ता वाले पंप आगरा में भी निर्मित होंगे।
इसे बनाने के लिए एक इकाई स्थापित करने की लागत लगभग 20 करोड़ रुपये लगेगी। इसके अलावा जेनरेटर, घास काटने वाली मशीन, स्प्रेयर आदि में प्रयोग होने वाले एक से 10 हॉर्स पावर के इंजन का भी निर्माण किया जाएगा। ऐसे करीब 2.5 लाख इंजन चीन से 100 करोड़ रुपये में आयात किए जाते हैं।