मथुरा में दो सराफा व्यापारियों की हत्या और लूटकांड को लेकर शुक्रवार को सांसद हेमामालिनी ने ट्वीट कर अपनी संवेदना व्यक्त की। मामले में सांसद पर लगातार अनदेखी के आरोप लग रहे थे। स्थानीय लोगों और व्यापारी वर्ग का कहना था कि सांसद को यहां के लोगों की फिक्र ही नहीं है। ऐसे में चार दिन बाद हेमा ने ट्वीट कर कहा कि वे जल्द ही मथुरा पहुंचकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात करेंगी।
शुक्रवार के सुबह किए गए अपने ट्वीट में सिने अभिनेत्री और मथुरा की सांसद हेमामालिनी ने कहा कि उन्हें मथुरा में हुए घटनाक्रम की पूरी जानकारी है और इस बारे में वे लगातार एसएसपी मथुरा के संपर्क में हैं। हेमा ने बताया कि वे पूरे मामले में अब तक हुई प्रगति की जानकारी ले रही हैं और जल्द ही मथुरा पहुंचकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात करेंगी।
मथुरा में न होने को लेकर सांसद ने ट्वीट के जरिए ही परिवारिक कारणों का हवाला दिया। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि वे पीड़ित परिवारों और अन्य जो भी इस हत्या और लूटकांड से प्रभावित हैं, उनके प्रति हृदय से संवेदनाएं व्यक्त करती हैं।
गूंजने लगे थे सांसद हाय-हाय के नारे
हेमा मालिनी
- फोटो : अमर उजाला
बता दें कि बीते सोमवार 15 मई की रात को मथुरा में होलीगेट के पास कोयला वाली गली में बदमाशों ने सराफ विकास गोयल और मेघ अग्रवाल की गोली मारकर हत्या कर दी थी। करीब आठ बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं और विकास की दुकान से करीब 4 करोड़ के जेवरात लूट कर ले गए थे। घटना में विकास के भाई ध्रुव और अन्य चार लोग घायल भी हुए।
इस घटना ने पूरे प्रदेश को हिलाकर रख दिया है। व्यापारियों की सुरक्षा पर सवाल उठने लगे। अगले दिन विधानसभा में भी यह मुद्दा जोर-शोर से गूंजा। इधर घटना के बाद सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी का कोई भी विधायक या मंत्री दो दिन तक पीड़ित परिवार से मिलने नहीं पहुंचा। जबकि, मथुरा में भाजपा की ही सांसद और जिले में चार विधायक हैं। इनमें से दो प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री हैं। इस बात पर स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया।
बुधवार के मुख्यमंत्री के निर्देश पर मथुरा के विधायक और प्रदेश सरकार के प्रवक्ता व कैबिनेट मंत्री श्रीकांत शर्मा और डीजीपी सुलखान सिंह पीड़ित परिवारों से मिलने पहुंचे। दोनों ने सरकार की ओर से पीड़ित परिवार को सांत्वना दी और घटना के जल्द खुलासे की भी बात कही।
इधर, लोगों में इतनी बड़ी घटना के बाद भी सांसद और सिने अभिनेत्री हेमा मालिनी की ओर से कोई प्रतिक्रिया न आने को लेकर नाराजगी थी। गुरुवार को जब सराफ मेघ अग्रवाल के परिवारीजन होली गेट पर भूख हड़ताल पर बैठे तो यहां सांसद हेमामालिनी और मथुरा विधायक श्रीकांत शर्मा के विरुद्ध नारेबाजी की गई। लोगों ने सांसद हाय-हाय के नारे भी लगाए।