देश विदेश से श्रद्धालु भक्त गोपूजन के लिए गोवर्धन धाम पहुंचे। हनुमान बाग आश्रम में संत सियाराम दास के सानिध्य में भक्तों ने गोपूजन किया, नीमगांव स्थित सुमंगला गोशाला में कन्हैया लाल दीक्षित के सानिध्य में हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, पंजाब से आए भक्तों ने गोपूजन कर मनौती मांगी।
अन्नकूट-छप्पन भोग लगाया
श्याम ढाक गोशाला पर भक्ति सेवा चैरिटेबल ट्रस्ट के श्रेयस गुजराती, शिशिर गुजराती, गो रक्षक दल के जिलाध्यक्ष ठा. नेत्र राज सिंह, धीरज कौशिक आदि ने गो पूजन कर गोपाष्टमी महोत्सव मनाया। गिरिराज तलहटी स्थित जहाज घर में ड्यूक पैलेस संचालक ने गौ-गोपाल महोत्सव अन्नकूट छप्पन भोग के साथ मनाया।
हनुमान बाग आश्रम के महंत संत सियारामदास महाराज ने बताया, योगिराज भगवान कृष्ण और बलराम ने गोपाष्टमी के दिन ही गोचारण लीला की थी। द्वापर युग से यह परंपरा ब्रज में चली आ रही है। हर मनुष्य को गोपाष्टमी के दिन गोसेवा की प्रतिज्ञा लेनी चाहिए।