आगरा में अगले तीन दिन भारी बारिश के आसार हैं। इसके बाद भी राहत की उम्मीद नजर नहीं आ रही है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान केंद्र के मुताबिक आने वाले दिनों में रिमझिम बारिश संभव है।
आगरा में शुक्रवार को भी कभी रिमझिम कभी मध्यम बारिश होती रही। दोपहर बाद मौसम साफ हो गया। दिनभर में 25 मिमी बारिश दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25.1 डिग्री दर्ज किया गया। 98 फीसदी तक उमस रही। हालांकि बारिश होने और बादलों के छाए रहने से मौसम नम रहा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान केंद्र के मुताबिक अगले तीन दिन भारी बारिश के आसार हैं। रविवार से मंगलवार तक तेज बारिश हो सकती है। शनिवार को बादलों की लुकाछिपी के साथ शाम को रिमझिम बारिश संभव है।
सुबह की बारिश से जलभराव
शहर में रात से सुबह तक हुई बारिश के कारण स्कूल जाने के समय सड़कों पर जलभराव हो गया। टेढ़ी बगिया, शमसाबाद रोड, पश्चिमपुरी, आवास विकास कॉलोनी, अवधपुरी, अलबतिया रोड पर बच्चों को जलभराव से होकर गुजरना पड़ा। वहीं कई वाहन चालकों के तेज रफ्तार निकलने से बच्चों की यूनिफॉर्म गंदी हो गई।