तेज गर्मी के कारण शुगर और किडनी के मरीजों की परेशानी बढ़ रही है। एसएन मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में किडनी इंफेक्शन और डायबिटीज (शुगर) के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। शुक्रवार को कुल 2675 मरीजों का उपचार किया गया।
एसएन मेडिकल कॉलेज के मेडिसिन विभाग के डॉ. प्रभात अग्रवाल ने बताया कि डायबिटीज खासकर टाइप-वन मरीजों में ब्लड में कीटोंस बढ़ने की समस्या देखी जा रही है, जिससे कीटोएसिडोसिस का खतरा रहता है। वहीं, दूसरी ओर शरीर में पानी की कमी के कारण किडनी इंफेक्शन के मामले भी बढ़ रहे हैं। गर्मी में अत्यधिक पसीना और बार-बार पेशाब के कारण शरीर में पानी की कमी हो जाती है, जिससे किडनी प्रभावित होती है। उन्होंने कहा कि गर्मी के बढ़ने के साथ औसतन रोजाना दोनों ही रोग के 4 से 5 मरीज आ रहे हैं।
डायबिटीज मरीजों में उल्टी, पेट दर्द और कमजोरी जैसे लक्षण दिखाई दें, तो तुरंत कीटोंस की जांच करानी चाहिए। उन्होंने सलाह दी है कि इस मौसम में सबसे जरूरी है शरीर को हाइड्रेट रखना। पानी के साथ छाछ और आम का पना जैसे पेय लें। फल-सब्जियों का सेवन करें। तेज धूप में बाहर निकलने से बचें।
इन विभाग में ये रही संख्या
मेडिसिन विभाग- 609
आर्थोपेडिक- 244
त्वचा रोग- 159