कैंसर पीड़ित राजवीर अपने परिवार के साथ
- फोटो : MAINPURI
आलीपुर खेड़ा। लॉकडाउन और गरीबी के कारण कैंसर पीड़ित को उचित उपचार नहीं मिल पा रहा है। परिजनों ने जिला प्रशासन से पीड़ित का उपचार कराए जाने की गुहार लगाई है।
आलीपुर खेड़ा निवासी राजवीर सिंह यादव को चार माह पहले मुंह में छाले की शिकायत हुई थी। जांच कराई तो डॉक्टरों ने कैंसर बता दिया। परिजन अभी उपचार के लिए विभागीय मदद को चक्कर काट रहे थे कि तब तक लॉकडाउन हो गया। इसकी वजह से उपचार भी शुरू न हो सका।
हलवाई का काम करने वाले राजवीर सिंह का कैंसर के कारण काम भी छूट गया। उसके परिवार में पत्नी कविता व तीन बच्चे संजू 11 वर्ष, विवेक आठ वर्ष व राधा पांच वर्ष हैं। परिजनों के अनुसार राजवीर सिंह के नाम एक प्रधानमंत्री आवास मिल चुका है। उसके नाम आयुष्मान कार्ड भी जारी हुआ है, लेकिन उस कार्ड में प्रिंट में गलती हुई है। इसके कारण राजवीर सिंह को आयुष्मान भारत योजना का भी लाभ नहीं मिल पा रहा है। कई बार सीएमओ ऑफिस परिजन गए, लेकिन कोई सुधार नहीं हो सका। परिवार पात्र गृहस्थी कार्ड से गुजारा करने को मजूबर है।
पीड़ित की मदद की जाएगी
उपचार के लिए कहीं आने जाने की रोक नहीं है। आयुष्मान कार्ड में गलती है, इसकी जानकारी नहीं है। यदि जनपद स्तर से सुधार हो सकेगा तो शीघ्र कराकर पीड़ित की मदद की जाएगी। - डॉ. एके पांडेय, सीएमओ