मैनपुरी। सर्दी का मौसम दमा के मरीजों के लिए दिक्कतें पैदा कर रहा है। जिला अस्पताल में भर्ती दमा से पीड़ित दो मरीजों की मौत हो गई। जबकि छह अन्य मरीजों को गंभीर हालत में भर्ती कराया गया।
बुधवार को सुबह से ही जिला अस्पताल में मरीजों की भीड़ रही। यहां दमा से पीड़ित छह मरीजों को भर्ती कराया गया। कोतवाली थाना क्षेत्र के मोहल्ला भरतवाल निवासी 98 वर्षीय गजराज सिंह पिछले कुछ दिनों से दमा से पीड़ित थे। मंगलवार को परिजनों ने उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां उपचार के दौरान गजराज की मंगलवार की रात मौत हो गई। कुरावली थाना क्षेत्र के गांव मिढ़ौली खुर्द निवासी 62 वर्षीय रामरतन भी दमा से पीड़ित थे। परिजनों ने उन्हें गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां उपचार के दौरान मंगलवार की रामरतन की मौत हो गई।
हार्टअटैक से युवक की मौत
दन्नाहार। क्षेत्र के गांव रठेरा निवासी रामखिलाड़ी यादव के 25 वर्षीय पुत्र मनोज यादव को सोमवार की देर शाम छाती में तेज दर्द उठा। परिजन उसे लेकर फिरोजाबाद गए। यहां से गंभीर हालत में उसे आगरा के लिए रेफर कर दिया गया। आगरा में उपचार के दौरान मनोज यादव की मौत हो गई। मनोज की मौत से गांव के लोग शोक में डूबे हुए हैं।