मैनपुरी। जिले में पिछले कुछ दिनों से कोल्ड डायरिया और निमोनिया के मरीजों की संख्या तेजी के साथ बढ़ी है। पिछले एक सप्ताह में पांच मरीजों की मौत हो चुकी है। सीएमओ ने जिले के सभी चिकित्साधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे कोल्ड डायरिया और निमोनिया से पीड़ित मरीजों का ख्याल रखें। सीएमओ ने कहा कि मरीजों को उचित उपचार न मिला तो कार्रवाई के लिए तैयार रहे।
जिले में सर्दी बढ़ने के साथ ही बच्चे और बुजुर्ग कोल्ड डायरिया व निमोनिया की चपेट में आने लगे हैं। जिला अस्पताल में बुजुर्ग और बच्चों की भीड़ देखी जा रही है। मंगलवार को बाल रोग विशेषज्ञ के पास 90 मरीज उपचार के लिए पहुंचने इनमें 50 मरीज कोल्ड डायरिया और निमोनिया की चपेट में थे। वहीं फिजीशियन कक्ष में 30 बुजुर्ग कोल्ड डायरिया और निमोनिया से पीड़ित होने पर उपचार के लिए पहुंचे। सीएचसी पर भी कोल्ड डायरिया और निमोनिया के मरीजों की भीड़ देखी गई। सीएमओ ने सभी चिकित्साधीक्षकों को निर्देश दिए हैं कि अस्पताल आने वाले सभी मरीजों को उचित उपचार दिया लाए।
सांस लेने में दिक्कत और हार्ट अटैक से तीन मरीजों की मौत
महाराजा तेज सिंह जिला अस्पताल की इमरजेंसी में मंगलवार को मरीजों की भीड़ देखी गई। भीमनगर भोगांव निवासी 70 वर्षीय राकेश चंद्र को मंगलवार की सुबह हार्ट अटैक पड़ा। परिजन उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। कुरावली के गांव चंदाई निवासी 70 वर्षीय पुजारी को सोमवार की रात गंभीर हालत में सांस लेने में दिक्कत के चलते जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था यहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। शहर के मोहल्ला छपट्टी निवासी 54 वर्षीय सुधीर कुमार को भी सोमवार की रात हार्ट अटैक पड़ा। परिजन उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
निमोनिया के लक्षण
- सांस लेने या खांसने पर सीने में दर्द
-65 वर्ष व उससे अधिक उम्र के व्यक्तियों में मानसिक भ्रम की स्थिति
-खांसी, जो कफ पैदा कर सकती है
- थकान महसूस होना
- बुखार, पसीना और कंपकंपी ठंड लगना
- सामान्य शरीर के तापमान से कम
- मतली, उल्टी या दस्त
- सांस लेने में परेशानी
बचाव के उपाय
- बच्चों को सुबह शाम गर्म कपड़े पहनाएं
- बच्चों को सुबह शाम नंगे पैर न चलने दें
- निमोनिया और फ्लू से बचाव के लिए टीके लगवाएं
- जरा भी दिक्कत होने पर विशेषज्ञ डॉक्टर से उपचार लें
- बुजुर्ग धूम्रपान से परहेज करें