मैनपुरी। कोरोना महामारी की रोकथाम के लिए जिला प्रशासन ने गांव-गांव जागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया है। जिन गांव में कोरोना संक्रमित अधिक हैं वहां टीम भेजकर संक्रमितों को उपचार देने का निर्णय लिया है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की टोलियों का गठन किया है। ये टोलियां बाइक से पहुंचकर लोगों को जागरूक करेंगी।
पंचायत चुनाव के बाद ग्रामीण क्षेत्र में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ी है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने ग्रामीणों को जागरूक करने और होम आइसोलेट लोगों को समय से उपचार दिलाने का निर्णय लिया है। डीएम महेंद्र बहादुर सिंह के निर्देश पर सीएमओ डॉ. एके पांडेय ने सभी नौ विकास खंड में प्रत्येक सीएचसी से दो-दो टीमों का गठन किया है। ये टीमें बाइकों के द्वारा गांवों में पहुंचेंगी और यहां होमआइसोलेट लोगों का हाल जानने के साथ उन्हें उपचार देंगी और कोरोना महामारी से बचने के लिए जागरूक करेंगी।
सीएमओ डॉ. एके पांडेय ने बताया कि जरूरत पड़ने पर इस कार्य में पुलिस की भी मदद ली जाएगी। जहां एक से अधिक संक्रमित मिलेंगे वहां गलियों को बाहर से आने वाले लोगों के लिए बंद कराया जाएगा।