आगरा। रिसर्च सोसाइटी फॉर द स्टडी ऑफ हाइपरटेंशन इन इंडिया की तीन दिवसीय कार्यशाला 19 सितंबर से शुरू हो रही है। इसमें देशभर से करीब 300 विशेषज्ञ शामिल होंगे। चिकित्सक बढ़ती बीमारियों की वजह पर मंथन कर लोगों को बचाव के लिए फिटनेस का मंत्र भी देंगे।
कार्यक्रम का पोस्टर विमोचन बृहस्पतिवार को हरीपर्वत स्थित होटल में किया गया। संयोजक डॉ. सीआर रावत ने बताया कि हर चौथा व्यक्ति उच्च रक्तचाप का मरीज है। ये बीमारी किडनी, लिवर, आंख, पेट और हृदय रोग को भी बढ़ा रही है। डाॅ. शम्मी कालरा ने बताया कि सिर दर्द और नजर कमजोर हो रही है तो उच्च रक्तचाप हो सकता है। ऐसे में ये परेशानी हो रही है तो डॉक्टर को जरूर दिखाएं। डॉ. शरद पालीवाल ने बताया कि पहले यह बीमारी 40-50 की उम्र वालों में थी लेकिन अब 20-25 साल के मरीज भी मिल रहे हैं। डॉ. पायल सक्सेना और डॉ. रजत रावत ने बताया कि उच्च रक्तचाप से ब्रेन हेमरेज, स्ट्रोक और कार्डियक अरेस्ट का खतरा भी बढ़ गया है। इस मौके पर डॉ. दीपक बंसल, डॉ. शुभम जैन, डॉ. चंदन कुमार, डॉ. अनुश्री रावत, डॉ. राहुल वर्मा, डॉ. प्रकाश पुरसनानी आदि मौजूद रहे।