बाह। कोतवाली बाह के हेड मोहर्रिर अशोक यादव साइबर ठगी के शिकार हो गए हैं। साइबर ठगों ने उनके खाते से 1.15 लाख और पत्नी मीना देवी के खाते से 2.85 लाख रुपये पार कर दिए हैं। उन्होंने साइबर सेल में मामले की शिकायत की है।
पीड़ित हेड मोहर्रिर ने बताया कि उनका और पत्नी मीना देवी का शिकोहाबाद स्थित एसबीआई की शाखा में खाता है। पत्नी की फर्जी आईडी तैयार कर मार्च से अब तक 2.85 लाख रुपये खाते से निकाल लिए गए हैं।
साइबर ठगी की जानकारी बैंक पासबुक अपडेट कराने पर हुई। जबकि अशोक को 1.15 लाख रुपये की ठगी का पता तब चला जब वाहन की ईएमआई की रकम भी खाते से पूरी नहीं हुई। दोनो मामलों में साइबर ठगों की जांच और कार्रवाई की मांग की गई है।