आगरा। चौधरी चरण सिंह चाहरवाटी महाविद्यालय के मैदान में खेले जा रहे चौधरी चरण सिंह स्मृति क्रिकेट टूर्नामेंट में रविवार को हाथरस क्रिकेट क्लब का दबदबा दिखा। टीम ने अपने दोनों मैच जीते।
रविवार को पहला मैच हाथरस और सुमेन गहर्रा क्रिकेट क्लब के बीच खेला गया। हाथरस ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 18 ओवर में नौ विकेट खोकर 98 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी सुमेन गहर्रा क्रिकेट क्लब की टीम 16वें ओवर में 80 रनों पर सिमट गई। वहीं, दूसरा मैच हाथरस और रोडीज क्रिकेट क्लब के बीच खेला गया। जिसमें टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए हाथरस क्रिकेट क्लब की टीम ने निर्धारित 16 ओवर में पांच विकेट खोकर 180 रन बनाए। जवाब में रोडीज क्रिकेट क्लब की टीम 16वें ओवर में 115 रनों पर आल आउट हो गई। 30 गेंदों पर 62 रन की पारी खेलने वाले प्रशांत मैन ऑफ द मैच रहे। मौके पर सर्व समाज समिति के अध्यक्ष एडवोकेट अजयराज चाहर, संयोजक दीपू काका, श्रीकृष्ण शर्मा, पुष्पेंद्र चाहर, शिव कुमार, मनोज चाहर, उदयवीर चाहर, राकेश चाहर आदि मौजूद रहे।