इधर, मथुरा जेल में बंद सीएफआई सदस्य सिद्दीक कप्पन सहित आलम, मसूद अहमद, अतीकुर्रहमान और रऊफ शरीफ की पेशी 31 मार्च को होगी। अदालत में मंगलवार को सुनवार के दौरान एसटीएफ के सीओ विनोद सिरोही, इंस्पेक्टर सचिन कुमार और उपनिरीक्षक ब्रह्मप्रकाश शर्मा मौजूद थे।
एसटीएफ लेगी लखनऊ जेल में बंद पीएफआई सदस्यों के बयान
एटीएस ने हाल ही में लखनऊ में पापुलर फ्रंट आफ इंडिया (पीएफआई) के दो सदस्य अनसद बदुरुद्दीन और फिरोज खान को गिरफ्तार किया था। अब मथुरा में सीएफआई सदस्यों की गिरफ्तारी के मामले की जांच एसटीएफ लखनऊ जेल में बंद पीएफआई सदस्यों से बयान करेगी।
बताया जा रहा है कि लखनऊ जेल में बंद दोनों पीएफआई सदस्यों के संबंध मथुरा जेल में बंद सदस्यों से हैं। इसके लिए एसटीएफ की ओर से मंगलवार को एडीजे प्रथम की अदालत में प्रार्थनापत्र प्रस्तुत किया गया। इस पर कोर्ट ने एसटीएफ को लखनऊ जेल में बंद दोनों आरोपियों के बयान लेने का आदेश दिया है।
दानिश के अधिवक्ता ने दिया प्रार्थनापत्र
सीएफआई सदस्य दानिश के अधिवक्ता एडवोकेट मधुवन दत्त चतुर्वेदी ने मंगलवार को अदालत में प्रार्थनापत्र देकर कहा कि 16 फरवरी को अदालत में एसटीएफ के जांच अधिकारी ने दानिश से उसकी ई-मेल और उसका पासवर्ड लिया था।
अधिवक्ता ने आशंका जताई कि जांच अधिकारी उसके सोशल एकाउंट्स से छेड़छाड़ कर सकते हैं। कुछ दिन पूर्व एसटीएफ ने दिल्ली के पीएफआई दफ्तर में भी छापा मारा था लेकिन आज तक मौके से मिली सामग्री को अदालत अथवा नजदीकी सक्षम अदालत के समक्ष नहीं रखा गया।