धूमधाम से निकली हरिनाम संकीर्तन यात्रा
श्रद्धालु रास्ते भर भजनों और हनुमान चालीसा पर नाचते गाते रहे
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। मोहल्ला सोतियाना स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर से बैंडबाजों के साथ विजय दशमी पर शनिवार को हरिनाम संकीर्तन यात्रा निकाली गई। मंदिर में बजरंग बली की पूजा करने केे बाद आचार्य शील महाराज की देखरेख में निकाली गई यात्रा में श्रद्धालुओं ने बढ़ चढ़कर भाग लिया।
आचार्य शील महाराज की देखरेख में सुबह नौ बजे संकीर्तन यात्रा मोहल्ला सोतियाना स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर से शुरू हुई। संकीर्तन यात्रा शुरू होने से पहले ही सैकड़ों श्रद्धालु वहां पहुंच गए। रास्ते भर श्रद्धालु हनुमान चालीसा, सुंदर कांड, हनुमान भजन गाते रहे। श्रद्धालु रास्ते भर भजनों और हनुमान चालीसा पर नाचते गाते रहे।
प्राचीन हनुमान मंदिर से शुरू हुई हरिनाम संकीर्तन यात्रा मदार दरवाजा, मोहल्ला मिश्राना, कटरा, कृष्णा टॉकीज, बड़ा चौराहे, संता बसंता चौराहा, सिटी पोस्ट ऑफिस, लेनगंज, घंटाघर चौराहा, रायजादा रोड, कटरा, लाल मठिया, मदार दरवाजा होती हुई हनुमान मंदिर पहुंचकर समाप्त हुई। संकीर्तन यात्रा में सौरभ चतुर्वेदी, नीतेश चतुर्वेदी, योगेश चतुर्वेदी, मनोज चतुर्वेदी, हरेश मिश्रा, आलोक शर्मा, प्रदीप गुप्ता मौजूद रहे।