थाने में लाकर हाथगोले को डाला गया पानी की बाल्टी में
- फोटो : अमर उजाला
फिरोजाबाद के मोहल्ला टीला बड़ी छपैटी स्थित मकान में पुलिस ने दबिश देकर अवैध हथियार और हथगोला बरामद किया है। बरामद किए गए हथगोले को पुलिस ने पानी में डालकर उनको नष्ट कर दिया। पुलिस ने यह कार्रवाई मुखबिर की सूचना पर की थी। कार्रवाई के दौरान काफी संख्या में पुलिस के जवान मौजूद रहे। पुलिस ने मौके से तीन लोगों को हिरासत में लिया है। हिरासत में लिए गए लोगों से पुलिस पूछताछ की जा रही है।
दक्षिण थाना प्रभारी बैजनाथ सिंह ने बताया कि मुखबिर द्वारा सूचना दी गई थी कि मोहल्ला टीला निवासी परवीन निवास करती है। उसके मकान में तमंचे, कारतूस और हथगोले रखे हुए है। दक्षिण थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पहुंचे। घर को चारों तरफ से घेरने के साथ ही पुलिस ने दबिश देकर घर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान सीढ़ियों के नीचे से पुलिस ने एक प्लास्टिक की थैली में रखे हथगोले को बरामद किया। बरामद किए गए हथगोले को पानी भरी बाल्टी में डालकर नष्ट कराया गया। ताकि हथगोला कहीं फटने से कोई हादसा नहीं होने पाए।
इस बीच तलाशी अभियान को जारी रखा गया। तलाशी के दौरान पुलिस ने परवीन के घर से चार तमंचा और कारतूस बरामद किए। तमंचा, कारतूस और हथगोला बरामद होने के साथ ही पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया उनको थाने ले आई। पुलिस की इस कार्रवाई के दौरान मोहल्ले के काफी संख्या में लोग एकत्रित हो गए थे। प्रभारी निरीक्षणक दक्षिण बैजनाथ सिंह ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की गई थी। परवीन के घर के अंदर से चार तमंचा व कारतूस और हथगोला मिले हैं। मौके से तीन लोगों को हिरासत मे लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें - Ayushi Murder: पिता ने क्यों मारी गोली, मां ने ट्रॉली बैग में रखवाई थी लाश, खौफनाक वारदात की पढ़ें पूरी कहानी
दूसरे मकान में रहती है परवीन
पुलिस की माने तो परवीन के दो मकान है। परवीन के जिस मकान से पुलिस ने तमंचा और हथगोले बरामद किए है। उस मकान में तीन किराएदार परिवार के साथ निवास करते है। यह लोग चूड़ी जुड़ाई का काम कर परिवार का भरण पोषण करते है। किराएदारों पुलिस को हथगोला और तमंचों के बारे में पुलिस को कोई जानकारी नहीं दे सके।
बड़ी छपैटी में दो बार क्षेत्र में फट चुके है हथगोले
मोहल्ला टीला बड़ी छपैटी में दिवाली पर शहर की शांत फिजा को खराब करने का प्रयास किया गया था। प्रसून व पारस लक्ष्मी पूजन के बाद गोदाम की छत पर मोमबत्ती जला रहे थे। तभी सूतली बंब को फैंका गया। सूतली बम फटने से प्रसून और पारस मामूली रुप से घायल हुए थे। राहुल गुप्ता की खिड़की का शीशे टूटने के साथ प्लास्टर भी टूट गया। धमाका इतना तेज था कि आसपास के लोग हैरत में पड़ गए थे। इस घटना से एक साल पहले भी क्षेत्र में सूतली बम फैंका गया था।