बाग फरजाना निवासी संतोष शर्मा नामी ठेकेदार हैं। उनकी फर्म एसकेएस प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड कई राज्यों में सड़कें बनाने का काम करती है। शर्मा ने बताया कि 9 जुलाई को उनकी कंपनी के खाते से ममीक्यु किचन प्राइवेट लिमिटेड नामक कंपनी के खाते में 1.98 करोड़ रुपये ट्रांसफर हुए। मोबाइल पर संदेश आने पर उन्होंने अकाउंटेंट श्रीराम मोहन से इस बारे में पूछा। अकाउंटेंट ने बताया कि आपके नंबर से ही व्हॉट्सएप पर मैसेज आया था। खाता नंबर भेजकर रुपये भेजने को कहा गया था।
साइबर ठगी की आशंका पर उन्होंने साइबर हेल्पलाइन पर काॅल कर शिकायत दर्ज कराई। फिर साइबर क्राइम थाना में घटना की सूचना दी। डीसीपी साइबर क्राइम आदित्य कुमार ने बताया कि शिकायत के बाद पुलिस ने साइबर अपराधियों के खातों में मौजूद 1.43 करोड़ रुपये होल्ड कराए हैं। बाकी राशि रिकवर करने के साथ ही आरोपियों की तलाश की जा रही है।
ये भी पढ़ें - UP: ताजमहल, आगरा किला और सीकरी के 5 किमी दायरे में पेड़ कटाई के नए नियम, पढ़ लें ये पूरी रिपोर्ट
छह महीने तक की निगरानी
डीसीपी ने बताया कि साइबर अपराधी अब मोबाइल हैक कर पहले निगरानी करते हैं। इस मामले में भी अकाउंटेंट का मोबाइल हैक किया गया। अपराधियों ने 6 माह पूर्व एपीके फाइल भेजकर मोबाइल हैक किया था। लंबे समय तक उसकी मोबाइल की गतिविधियों की निगरानी की। अकाउंटेंट को भी याद नहीं था कि उन्होंने कब एपीके फाइल डाउनलोड की। अक्सर पैसे ट्रांसफर करने के तरीके को इस्तेमाल कर पहले से फोन में सेव अपने खाते में रुपये ट्रांसफर करा लिए।
ये भी पढ़ें - मैकेनिक की माैत पर तनाव: करंट लगाकर दी यातनाएं, बेरहमी से की हत्या; गंभीर आरोपों के बाद बढ़ाए गए दो और नाम
राजा दशरथ का स्वरूप बनने पर हुई थी चर्चा
पीड़ित संतोष शर्मा वर्ष 2024 में रामलीला और जनकपुरी में राजा दशरथ का स्वरूप बने थे। इस दौरान कई मामलों में उनका नाम चर्चा में रहा था। ताजगंज के एक विवाद में भी काफी चर्चा हुई थी।
ये भी पढ़ें - ये तो हद ही हो गई: जनसुनवाई में शिकायत पर मिलीं गालियां, अधिकारी ने फरियादी को लगाई फटकार; फिर किया फर्जीवाड़ा
महिला का डेबिट कार्ड बदल निकाले 22 हजार, आरोपी गिरफ्तार
थाना न्यू आगरा क्षेत्र में बीती 3 जुलाई को महिला की मदद के बहाने डेबिट कार्ड बदल कर ठगी करने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी सदर क्षेत्र में ऐसी ही वारदात के मामले में बीते माह ही जमानत पर रिहा हुआ था। न्यायालय ने उसे जेल भेजा है। डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने बताया कि 3 जुलाई को नगला पदी के दुर्गानगर निवासी अनीता ने शिकायत की थी। आरोप लगाया था कि दयालबाग रोड पर एसबीआई के एटीएम पर रुपये निकालने के दौरान मदद के बहाने एक युवक ने उनका डेबिट कार्ड बदल दिया। उनके खाते से कई बार में 22 हजार रुपये निकाल लिए। पुलिस टीम ने सीसीटीवी और अन्य माध्यम से आरोपी की तलाश की। रविवार को आईएसबीटी के सर्विस रोड से आरोपी धौलपुर निवासी शाहरुख को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से 3 डेबिट कार्ड और 6550 रुपये बरामद हुए हैं। न्यायालय ने उसे जेल भेजा है।
ये भी पढ़ें - UP: कीठम में विलायती बबूल हटाने का मामला पहुंचा सुप्रीम कोर्ट, यूपी सरकार को मिला नोटिस; मांगा गया जवाब