जीआरपी ने रेलवे स्टेशन पर बढ़ाई सतर्कता
संदिग्धों से पूछताछ के साथ यात्रियों के सामान की कराई जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। अयोध्या में श्रीरामलला की प्राण प्रतिष्ठा और गणतंत्र दिवस को लेकर रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। रविवार को जीआरपी के अधिकारियों और पुलिस कर्मियों ने रेलवे स्टेशन पर जांच अभियान चलाया।
थाना जीआरपी मैनपुरी के हेड कांस्टेबल ओमकार सिंह, मोजिंद्र सिंह, कांस्टेबल नफीस खान, यशपाल सिंह ने अपने साथियों के साथ रेलवे स्टेशन पर पहुंचने वाले यात्रियों की जांच की। इसके साथ ही ट्रेन और प्लेटफार्म पर भी अभियान चलाकर जांच की जा रही है। जीआरपी ने संदिग्धों से पूछताछ भी की। इसके साथ ही सुबह शाम और ट्रेन के आवागमन के समय जीआरपी ने अपनी सतर्कता को बढ़ा दिया है। हैड कांस्टेबल ओमकार सिंह ने बताया कि अयोध्या में श्रीरामलला की प्राण प्रतिष्ठा और गणतंत्र दिवस को लेकर सुरक्षा इंतजाम पुख्ता किए गए हैं। उन्होंने बताया कि रेलवे स्टेशन पर हर आने जाने वाले पर कड़ी नजर रखी जा रही है। उन्होंने बताया कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा।