दुल्हन पक्ष भी परेशान रहा। कई तरह की चर्चाएं होती रहीं। आखिरकार बुधवार रात को होने वाली शादी 15 घंटे बाद दुल्हे के स्वस्थ होने के बाद बृहस्पतिवार को दोपहर तीन बजे संपन्न हुई। दरअसल पूरा मामला थाना उत्तर क्षेत्र के न्यू रामगढ़ मोहल्ला का है। बुधवार को लाइनपार के रामनगर निवासी होतीलाल के पुत्र नीरज उर्फ दिनेश का विवाह न्यू रामगढ़ निवासी युवती से होना था। सभी रस्में ठीक ठाक चल रही थीं। रात 12 बजे के करीब नाचते गाते बाराती दुल्हन के द्वार पर पहुंचे। तभी कार में बैठा दुल्हा बेसुध हो गया। वह गेट खोलते ही जमीन पर जा गिरा।
इधर दुल्हे की हालत देखकर कार का चालक भी फरार हो गया। सभी बराती व घराती एकत्र हो गए। आनन फानन में दुल्हे के चेहरे पर पानी के छीटें भी मारे गए। लेकिन होश नहीं आया, इसके बाद दुल्हा नीरज उर्फ दिनेश को ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। वहां पर दुल्हे का उपचार किया गया। इधर उसके पिता भी शादी समारोह में खलल पड़ने के कारण बेहोश हो गए। वह जमीन पर गिर पड़े, इसके कारण उनके कमर की हड़्डी भी टूट गई। उन्हें भी अस्पताल ले जाया गया। करीब 14 घंटे बाद दूल्हे को होश आया। इसके बाद उसे दोबारा ससुराल ले जाया गया, जहां शादी की रस्में अदा की गई। मामले की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
शराब के ज्यादा नशा करने की रही शादी में चर्चा
रामनगर निवासी नीरज उर्फ दिनेश का विवाह बुधवार को था। विवाह से पहले घर से निकासी होने के बाद एक युवक के साथ कार में आए थे। चर्चा यह रही कि दूल्हे ने उक्त युवक के साथ गाड़ी में जरूरत से अधिक शराब का सेवन कर लिया है। इसके कारण बेहोश हो गया।