कासगंज। रेलवे पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए सरकारी राशन का चावल चोरी करने के मामले में दो चोरों सहित चक्की स्वामी को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से चोरी किया गया चावल बरामद किया गया है। संबंधित धाराओं में तीनों आरोपियों को जेल भेजा गया है।
आरपीएफ प्रभारी सुजीत कुमार झा ने बताया कि वह स्टाफ के साथ रेलवे की संपत्ति की निगरानी कर रहे थे। बुधवार की रात दो व्यक्ति रेलवे की हद से सरकारी राशन का चावल लेकर गुजर रहे थे। पूछताछ में दोनों व्यक्तियों ने स्पष्ट किया कि सरकारी राशन का जो चावल मालगाड़ी से आया है उसे चुराकर चक्की पर बेचने ले जा रहे हैं। पूछताछ के दौरान एक ने अपना नाम प्रवीण पुत्र अशोक और दूसरे ने देवेश पुत्र अशोक निवासी मोहल्ला जय जय राम बताया। आरोपियों ने बताया कि वह इस चावल को चक्की पर बेचते हैं। प्रभारी ने बताया कि आरोपियों की निशानदेही पर चक्की स्वामी सहावर गेट निवासी आजाद सिंह पुत्र पूरन सिंह के यहां पहुंचे तो लगभग 150 किलोग्राम चावल मौके से बरामद हुआ। इसके बाद चावल को कब्जे में लेकर चक्की स्वामी और दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। आरपीएफ प्रभारी के मुताबिक आरोपियों ने बताया है कि वह अपने साथी डीएम पुत्र नामालूम प्रेम पुत्र सुरेंद्र, विक्रम पुत्र रविंद्र और करन पुत्र सुरेंद्र के साथ मिलकर रेलवे की हद से इस तरह की चोरी की वारदात को अंजाम देते हैं।