धान मिल से लाखों रुपये का सामान हुआ चोरी
- न्यायालय के आदेश पर दन्नाहार थाने में दर्ज हुई रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। थाना दन्नाहार क्षेत्र में जरामई के पास स्थित धान मिल से चोरों ने लाखों रुपये का सामान चोरी कर लिया। जानकारी होने के बाद जब मालिक ने थाने में तहरीर दी तो रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। पीड़ित ने न्यायालय के आदेश पर मुकदमा दर्ज कराया है।
कोतवाली क्षेत्र के पंजाबी कॉलोनी नारायण नगर निवासी अशोक कुमार गोयल ने बताया कि थाना दन्नाहार क्षेत्र में गांव जरामई के पास चंद्र रत्न फूड प्राइवेट लिमिटेड धान मिल संचालित है। धान का सीजन न होने की वजह से देखभाल कम हो पा रही थी। बिजली का कनेक्शन न होने के कारण अंधेरा भी अधिक रहता था। 28 जुलाई की शाम को जब वह धान मिल पहुंचे और इधर-उधर देखा तो पता चला कि मिल से काफी सामान चोरी हो गया है। थाने जाकर शिकायत की लेकिन उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। इसके बाद उन्होंने न्यायालय में शरण ली। न्यायालय ने दन्नाहार पुलिस को मुकदमा दर्ज किए जाने के आदेश दिए। न्यायालय के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।