रफ़रोजाबाद ! जिला उद्योग केंद्र में शहर के प्रमुख उद्यमियों की बैठक के दौरान नगर विधायक मनीष असीज
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। ग्लास मेन्यूफैक्चर्स एंड एक्सपोर्ट्स एसोसिएशन उत्तर प्रदेश की उपायुक्त उद्योग कार्यालय सभागार में एसोसिएशन अध्यक्ष मुकेश बंसल टोनी की अध्यक्षता में बैठक आहूत की गई। इस दौरान व्यापारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल को संबोधित ज्ञापन नगर विधायक मनीष असीजा को सौंपकर कम से कम दस प्रतिशत रोडटेप की दर निर्धारित किए जाने की मांग की। नगर विधायक ने समस्याओं को हल कराने का आश्वासन दिया।
ग्लास मेन्यूफैक्चर्स एंड एक्सपोर्ट्स एसोसिएशन अध्यक्ष मुकेश बंसल टोनी ने कहा कि फिरोजाबाद में कांच उत्पादों का निर्यात करीब एक हजार करोड़ का होता है। इससे प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से छोटे-छोटे कुटीर उद्योग के रूप में दस लाख लोगों को रोजगार मिलता है। फिरोजाबाद में कांच का करीब 150 वर्ष पुराना कारोबार है।
उन्होंने कहा कि जीएसटी से पहले सात प्रतिशत ड्रॉ बैक, सात प्रतिशत एमईआईएस के रूप में जो टैक्स लगते थे और सहयोग राशि के रूप में 14 प्रतिशत कुल बिक्री का भारत सरकार से मिलता था। हालांकि जीएसटी में आने के बाद 2.8 प्रतिशत ड्राबैक एवं 1.3 प्रतिशत रोडटेप के रूप में मिल रहा है। संस्था सचिव सरवर हुसैन ने कहा कि कांच उत्पादों को बनाने में लागत का 35 प्रतिशत फ्यूल के रूप में गैस का खर्चा आता है, जो जीएसटी से बाहर रखा गया है।
गैस पर दस प्रतिशत वैट के रूप में यूपी सरकार द्वारा लिया जाता है। उत्पादन कर एवं इंपोर्ट ड्यूटी भी लगती है। यह निर्यातकों को किसी रूप में वापस नहीं मिलती है। कांच निर्यातक फिरोजाबाद में प्रतिवर्ष 50 हजार नए पेड़ लगाने के साथ रखरखाव कर रहे हैं। इस दौरान उपायुक्त उद्योग अमरेश पांडेय, उपाध्यक्ष दिलीप जैन, राजीव दीक्षित, विपिन अग्रवाल, सिंहराज यादव, सुनील अग्रवाल, नमन बंसल, शिवम पचौरी आदि मौजूद रहे।