उत्तराखंड के चमोली जिले में रविवार की सुबह ग्लेशियर टूटने के बाद उत्तर प्रदेश में अलर्ट जारी किया गया है। कासगंज जिले में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है। गंगा नदी में बाढ़ की आशंका के मद्देनजर सतर्कता बढ़ाई गई है। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को सक्रिय कर दिया है। विकास और सिंचाई विभाग की टीमें गंगा किनारे के इलाकों में तैनात कर दी गई हैं। बांधों की विशेष निगरानी की जा रही है।
ग्लेशियर टूटने से उत्तराखंड में भारी तबाही होने की आशंका है। वहां डैम और कुछ प्रोजेक्ट को ध्वस्त करते हुए पानी हरिद्वार की ओर बढ़ गया है। हरिद्वार से पानी बिजनौर, नरौरा होते हुए गंगा नदी में पहुंचेगा। ऐसे में यहां बाढ़ की आशंका बढ़ी है। शासन के निर्देश पर जिलाधिकारी सीपी सिंह ने अलर्ट कर दिया है। संबंधित विभागों को विशेष रूप से निगरानी के निर्देश दिए हैं।
संबंधित खबर- Uttarakhand Glacier Burst: आपदा में जिनके अपने हुए हैं लापता वे यहां करें संपर्क, हेल्पलाइन नंबर 9557444486 जारी
विकास विभाग, पंचायती राज विभाग, राजस्व विभाग, वन विभाग, सिंचाई विभाग की टीमों गंगा नदी के इलाकों में दौरा कर रही हैं। सिंचाई विभाग के अभियंताओं को निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पानी धीमे-धीमे हरिद्वार तक पहुंच रहा है। ऐसे में आगामी दो दिनों में पानी कछला गंगा नदी में आने की संभावना है। पानी आने से पहले बांधों पर नजर रखी जा रही है। सिंचाई विभाग की टीमें देख रही हैं कि कहीं कोई बांध कमजोर तो नहीं है। जिससे अभी से मरम्मत कराई जा सके।
ग्रामीणों को भी किया जा रहा सतर्क
गंगा किनारे के ग्रामीणों को भी सतर्कता बरतने के लिए कहा गया है। निगरानी के लिए तीन सहायक अभियंताओं और पांच अपर अभियंताओं की अलग-अलग टीमें क्षेत्र में भेजी गई हैं। कछला गंगा नदी की निगरानी के साथ ही यह टीमें ग्रामीणों से भी निगरानी में सहयोग मांग रही हैं।
बैराज, दूरी और समय-
बैराज कछला तक दूरी पानी आने का समय
हरिद्वार 310 किलोमीटर 62 घंटे
बिजनौर 230 किलोमीटर 46 घंटे
ब्रजघाट 125 किलोमीटर 25 घंटे
नरौरा 55 किलोमीटर 12 घंटे
- 00 मीटर पर है फिलहाल कछला पुल पर पानी लेवल।
- 165.20 मीटर है कछला पुल पर खतरे का निशान।
जिलाधिकारी सीपी सिंह ने कहा कि उत्तराखंड की घटना को लेकर जिले में अलर्ट जारी कर दिया गया है। सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने और निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। गंगा नदी में बाढ़ आने की संभावना है।
सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता अरूण कुमार ने कहा कि सिंचाई विभाग के सभी अधिकारी निगरानी में जुट गए हैं। कछला गंगा नदी में फिलहाल पानी कम है। पानी अभी आगामी दो दिन में आने की संभावना है। इसे लेकर पूरी सतर्कता है।