मैनपुरी। शहर के करहल रोड स्थित एक मैरिज होम में शनिवार को बांके बिहारी रवि नारायण फाउंडेशन द्वारा उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन निदेशालय का कौशल क्षमता विकास कार्यक्रम हुआ। प्रशिक्षक आरती मिश्रा ने कहा कि आज हर क्षेत्र में महिलाएं आगे बढ़ गई हैं। कामकाजी महिलाएं भी घर में उद्योग लगाकर स्वरोजगार से जुड़कर परिवार की आर्थिक स्थिति को संभाल सकती हैं।
उन्होंने कहा कि आज घर में बैठकर अचार बनाने, अगरबत्ती- धूप बत्ती बनाने और सिलाई कढ़ाई जैसे काम शुरू करके रोजगार हासिल किया जा सकता है। इसके अलावा समूह बनाकर आसपास की महिलाओं को इससे जोड़कर बड़े स्तर पर भी काम किया जा सकता है। ऐसे कामों को करने के लिए दृढ़ इच्छाशक्ति की जरूरत है।
उपायुक्त उद्योग मोहम्मद सऊद ने कहा कि काम करने की लालसा मन में पैदा करनी होगी। तभी समूह बनाकर आर्थिक उन्नति से खुद और परिवार को संवारा जा सकता है। ई गवर्नेंस के जिला प्रबंधक शिशुपाल सिंह, राज्य परियोजना अधिकारी रजत मिश्रा, यूपीकानन के जिला समन्वयक चेतन कुमार, चित्रांश सौरभ, दुर्गे महिला स्वयं सहायता समूह, जय अंबे महिला स्वयं सहायता समूह, राधारानी स्वयं सहायता समूह, गोविंद बिहारी स्वयं सहायता समूह समेत अन्य कई समूह की महिलाएं मौजूद रहे।