छात्राओं ने दिया बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का संदेश
टूंडला। शिवप्रसाद मेमोरियल बालिका महाविद्यालय की एनएसएस इकाई का शिविर चल रहा है। इसमें शनिवार को बेटी बचाओ, बेटी-पढ़ाओ का संदेश दिया गया। छात्राओं ने ग्रामीणों से बेटियों को बचाने की अपील की।
मदर टेरेसा टोली की छात्राओं ने लघु नाटक और लोकगीत के जरिए बेटी बचाओ- बेटी पढ़ाओ की सीख दी। छात्रा गीता यादव और योगिता सारस्वत ने छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। छात्राओं ने ग्रामीणों को बताया कि बेटे और बेटियों में कोई अंतर नहीं रखना चाहिए। बेटे ही नहीं बल्कि बेटियों को भी उच्च शिक्षा दी जानी चाहिए। बेटा एक घर को रोशन करता है जबकि बेटियां दो घरों को रोशन करने का काम करती हैं।
एनएसएस अधिकारी मीना गौतम ने कहा कि बेटी और बेटों में अंतर नहीं करना चाहिए। बेटियों को एक समान शिक्षा दिलानी चाहिए। इस दौरान एनएसएस छात्राओं ने सफाई अभियान चलाया तथा स्वच्छता का संदेश दिया। इस मौके पर अर्जुन सिंह, हरीश सोलंकी आदि मौजूद रहे।