फिरोजाबाद जिले में युवती के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर नारखी थाना में आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। युवती का डाक्टरी परीक्षण कराने के साथ ही पुलिस मामले की जांच कर रही है। युवती मथुरा से मां के साथ कार में सवार हुई थी। इसी दौरान उसके साथ यह घटना हुई थी।
पीड़ित युवती ने बताया कि वह मूलरूप से जालौन की रहने वाली है। भिवानी में वह मां के साथ मजदूरी करके परिवार का भरण पोषण करती है। चार फरवरी को मां के साथ बस द्वारा भिवानी से मथुरा आई थी। इटावा के लिए वाहन नहीं मिला तो उसने कार को हाथ देकर रोका। दोनों कार में बैठकर मथुरा से इटावा के लिए चले थे।
पीड़िता की मां को पानी में नशीला पदार्थ मिलाकर मिलाया
पीड़िता की मां का आरोप है कि इस बीच कार चालक राजेश ने उनको पीने के लिए पानी दिया। पानी में नशीला पदार्थ मिला हुआ था। पानी पीने के बाद वह बेहोश हो गई। इस बीच आरोपी ने उसकी बेटी के साथ दुष्कर्म किया और नारखी थाना क्षेत्र के बैंदी की पुलिया के समीप मां बेटी को कार से उतार कर फरार हो गया। मंगलवार शाम मां के साथ नारखी थाने पहुंची पीड़िता ने पुलिस को घटनाक्रम से अवगत कराया।
पीड़िता की मां की तहरीर पर नारखी थाना पुलिस ने आरोपी राजेश के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कर लिया। सीओ टूंडला अभिषेक श्रीवास्तव का कहना है कि पीड़िता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।